हरिद्वार ( आरसी / संदीप कुमार) कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने सिडकुल कर्मचारी राजवीर सिंह की हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस अंधे कत्ल की साजिश मृतक की शादीशुदा बेटी के प्रेमी पंकज ने अपने साथी के साथ मिलकर रची थी। एसएसपी नवनीत सिंह ने पत्रकार वार्ता के दौरान इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी पंकज मृतक की बेटी का उसके पति से तलाक करवाकर उससे शादी करना चाहता था और राजवीर इस रिश्ते के खिलाफ था, इसलिए उसे रास्ते से हटाने के लिए यह खौफनाक कदम उठाया गया।
घटनाक्रम के अनुसार 27 अप्रैल की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति का लहूलुहान शव खेत में पड़ा है, जिसकी शिनाख्त बाद में राजवीर सिंह के रूप में हुई। मृतक के बेटे प्रियांशु की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। एसएसपी द्वारा गठित विशेष टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और डिजिटल साक्ष्यों एवं संदिग्ध मोबाइल नंबरों की पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस को पंकज नाम के युवक पर शक हुआ, जिसे लकी हॉस्पिटल के पास से घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में पंकज ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरी कहानी बयां कर दी।
आरोपी पंकज ने बताया कि वह और मृतक राजवीर सिडकुल की अलग-अलग कंपनियों में काम करते थे। पंकज राजवीर की शादीशुदा बेटी से प्रेम करता था और उससे निकाह करना चाहता था, लेकिन राजवीर का खौफ इस प्रेम कहानी में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ था। इसी बाधा को दूर करने के लिए पंकज ने अपने साथी छोटेलाल को साथ लिया और 26 अप्रैल की शाम राजवीर को शराब पिलाने के बहाने बौंगला अंडरपास के पास एक खेत में ले गया। वहां नशे की हालत में आरोपियों ने हथौड़े से राजवीर के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मुख्य आरोपी पंकज कुमार और उसके साथी छोटेलाल को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मृतक का मोबाइल व पर्स बरामद कर लिया है। खास बात यह रही कि आरोपियों ने शराब खरीदने के लिए मृतक के मोबाइल से ही ऑनलाइन पेमेंट किया था, जो पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम ने इस जटिल मामले का त्वरित अनावरण किया, जिसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
![]()
