• Sat. Oct 3rd, 2026

कृषि उत्पादन मंडी समिति ने किया कार्यक्रम का आयोजन

हरिद्वार (आर सी/ संदीप कुमार)। कृषि उत्पादन मंडी समिति, हरिद्वार यूनियन परिसर में शनिवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी होने के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल से किसानों के लिए जारी किए गए संबोधन और योजना की किस्त वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किसानों को दिखाया गया। कार्यक्रम में मंडी समिति क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और समिति के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित विभिन्न जानकारियां उपलब्ध कराई गईं। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाती है, जिससे किसानों को बुवाई, जुताई, बीज, उर्वरक और अन्य कृषि कार्यों में आर्थिक सहायता मिलती है।
कार्यक्रम का संचालन मंडी निरीक्षक वर्षा गुप्ता ने किया। उन्होंने किसानों को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। इस दौरान किसानों को कृषि उत्पादक क्षति सहायता योजना, व्यक्तिगत दुर्घटना सहायता योजना, छात्रवृत्ति योजना तथा भारत सरकार की ई-नाम परियोजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
मौजूद किसानों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और कृषि क्षेत्र से जुड़ी नई जानकारियों को उपयोगी बताया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। किसानों को योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिये के सीधे उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता और विश्वास दोनों बढ़े हैं।
कार्यक्रम में पार्षद अन्नू मेहता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और किसानों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। मंडी समिति की ओर से कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं।
इस अवसर पर समिति कर्मचारी शिवमूर्ति सिंह, अजय कुमार, राजीव कुमार, आशीष कुमार समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Loading

By आर सी /संदीप कुमार

ख़बर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें 8171837509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights