खानपुर: हरिद्वार पुलिस के अनुसार, चौकी गोवर्धनपुर पुलिस टीम शाहीपुर तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सिकंदरपुर की ओर से एक संदिग्ध टेंपो आया। पुलिस पार्टी ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन टेंपो चालक ने टेंपो पुलिस पर चढ़ाने का प्रयास किया और खानपुर की तरफ भाग निकला।
घटना की सूचना तत्काल चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खानपुर को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मय फोर्स मौके की ओर रवाना हुए। धर्मपुर मार्ग पर श्मशान घाट के नजदीक टेंपो चालक टेंपो को सड़क पर छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गया और पुलिस पार्टी पर फायरिंग की।
हरिद्वार पुलिस की त्वरित जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध व्यक्ति के पांव में गोली लगी। घायल को उपचार के लिए सीएचसी लक्सर भेजा गया, जहां से उसे उप जिला चिकित्सालय रुड़की रेफर कर दिया गया। हरिद्वार पुलिस की इस सतर्कता और साहसिक कार्रवाई की आसपास के क्षेत्रों में वाह-वाही हो रही है।
उपचार के दौरान आरोपी ने अपना नाम आरिफ पुत्र खलील, निवासी तोड़ा जलालपुर, कोतवाली रुड़की बताया है। हरिद्वार पुलिस ने कहा कि मामले की विस्तृत जानकारी पूछताछ के बाद अलग से दी जाएगी।
![]()
