• Sun. Oct 4th, 2026

श्रवण नाथ नगर से दर्जनों दोपहिया वाहन पार, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

 

हरिद्वार (आर. चौहान)। नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत आने वाले श्रवण नाथ नगर में पिछले कई महीनों से दुपहिया वाहन चोर गिरोह का आतंक बना हुआ है। चोर लगातार क्षेत्र से दर्जनों मोटरसाइकिलों पर हाथ साफ कर चुके हैं, जिससे स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। हाल ही में बाइक चोरी की एक और वारदात सामने आई है, जिसका सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चोर किस तरह बेखौफ होकर चंद सेकंडों में बाइक का लॉक तोड़कर उसे उड़ा ले जाते हैं। लगातार हो रही इन चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों की रातों की नींद उड़ चुकी है। लोगों का कहना है कि वे अपने घरों के बाहर वाहन खड़ा करने में भी डरने लगे हैं।
इस मामले ने स्थानीय पुलिस की गश्त और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। शहर के बीचों-बीच स्थित श्रवण नाथ नगर जैसे व्यस्त इलाके से लगातार दर्जनों वाहनों का चोरी हो जाना और पुलिस का अब तक खाली हाथ रहना, सुरक्षा दावों की पोल खोलता है। पीड़ितों और क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए, साथ ही इलाके में रात्रिकालीन पुलिस गश्त को बढ़ाया जाए ताकि इस संगठित चोरी गिरोह पर लगाम कसी जा सके।

Loading

By आर सी /संदीप कुमार

ख़बर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें 8171837509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights