रुड़की(आरसी / संदीप कुमार) क्षेत्र के अंतर्गत बहादरपुर से पथरी जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। जगह-जगह से टूटी इस सड़क के कारण ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि इस मार्ग पर सफर करना किसी चुनौती से कम नहीं है, जहां वाहन चालकों को हर कदम पर हिचकोले खाने पड़ते हैं।

स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने जानकारी दी कि यह मार्ग वर्धमान औद्योगिक क्षेत्र से भी जुड़ा हुआ है, जिसके चलते यहां से भारी मालवाहक वाहनों का गुजरना आम बात है। भारी वाहनों के दबाव के कारण सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है। टूटी हुई सड़क पर बने गहरे गड्ढे और उनमें फैली पुरानी रोड़ी-कंक्रीट मोटर वाहनों के लिए बड़ा खतरा बन गए हैं। इस वजह से आए दिन मोटरसाइकिल चालकों के फिसलने और हादसों का शिकार होने की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार स्थानीय समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित की गईं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा कोई ठोस संज्ञान नहीं लिया गया। वर्षों से ग्रामीण और यह बदहाल सड़क दोनों ही इसके पुनरुद्धार की राह जोह रहे हैं।

मामले को लेकर जब लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सोनू त्यागी से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि बहादरपुर सैनी से पथरी पुल तक जाने वाले मार्ग के निर्माण का एस्टीमेट मुख्य अभियंता के पास अनुमोदन के लिए भेजा जा चुका है।

उन्होंने आश्वासन दिया कि 15 सितंबर से पहले रोड़ी और पत्थरों के माध्यम से सड़क को अस्थायी रूप से गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा, ताकि राहगीरों को राहत मिल सके। वहीं, एस्टीमेट पास होते ही सड़क के पक्के निर्माण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
![]()
