बहादराबाद (हरिद्वार)। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने चर्चित हैप्पी हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक पुत्र वहीद, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम शान्तरशाह, कोतवाली बहादराबाद, जनपद हरिद्वार को थाना फतेहपुर, जनपद सहारनपुर क्षेत्र स्थित छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास से दबोचा। गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस .315 बोर और खून से सनी शर्ट बरामद की गई। प्रकरण में एक अन्य आरोपी को पूर्व में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार 14 सितंबर 2026 को पतंजलि रोड, देव धर्मकांटा, शान्तरशाह के पास हैप्पी उम्र 28 वर्ष की अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के संबंध में मृतक के भाई कपिल निवासी शान्तरशाह, कोतवाली बहादराबाद, जनपद हरिद्वार की तहरीर पर मु0अ0सं0 326/2026 धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने पुलिस टीमों का गठन कर अलग-अलग टास्क दिए और शीघ्र अनावरण के लिए लगातार दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस टीम लगातार पतारसी-सुरागरसी कर रही थी। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी इस्तकार थाना फतेहपुर क्षेत्र में देखा गया है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद मय पुलिस टीम ने तत्काल छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी मुदस्सिर एवं शादाब के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते हैप्पी की गोली मारकर हत्या की थी। पुलिस पूछताछ के अनुसार आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक को मृतक हैप्पी पर वर्ष 2022 के एक प्रकरण में पुलिस को मुखबिरी करने का शक था, जिसके चलते दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। आरोपी के अनुसार मृतक उसे लगातार पुलिस से पकड़वाने की धमकी दे रहा था और पैसों की मांग भी कर रहा था। इसी रंजिश और विवाद के चलते आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 12 सितंबर 2026 को घटनास्थल की रेकी की और 14 सितंबर 2026 को हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है और प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बहादराबाद अमरजीत सिंह, व0उ0नि0 अशोक सिरसवाल, उ0नि0 विकास रावत प्रभारी चौकी बाजार, उ0नि0 अजय कुमार प्रभारी चौकी शान्तरशाह, उ0नि0 हेमदत्त भारद्वाज, हे0का0 राजवर्धन, कानि0 विकास थापा और कानि0 सतेन्द्र चौधरी शामिल रहे।
![]()
