• Sat. Sep 12th, 2026

शांतरशाह में सड़क के गड्ढे बने तालाब, भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ा खतरा

Byआर सी

Sep 11, 2026

हरिद्वार (आरसी संदीप कुमार) ग्राम शांतरशाह में पतंजलि योगपीठ से जाने वाले मुख्य मार्ग की हालत लंबे समय से बेहद खस्ताहाल बनी हुई है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे बरसात के पानी से लबालब भरकर झील और तालाब की तरह नजर आ रहे हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। दिन-रात व्यस्त रहने वाले इस मार्ग की बदहाली को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि इस सड़क का कोई सुधि लेने वाला नहीं है।

बरसात के मौसम के बाद सरकार और प्रशासन की ओर से गड्ढा मुक्त सड़कों के दावे और बड़े-बड़े बैनर-पोस्टर तो खूब लगाए जाते हैं, मगर जमीनी स्तर पर इसका असर नदारद है। स्थानीय व्यापारियों और आम जनता का कहना है कि कागजी दावों और नारों से धरातल पर काम कब उतरेगा, यह बड़ा सवाल है।

स्थानीय दुकानदार सोमकुमार ने बताया कि बरसात शुरू होने से पहले ही यहां बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके थे, लेकिन प्रशासन ने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। वहीं, दूसरे दुकानदार शेरू कुमार ने बताया कि इस सड़क की शिकायत सीएम पोर्टल पर भी दर्ज कराई जा चुकी है, परंतु इसके बावजूद सुधार के नाम पर अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है।

यह मार्ग वर्धमान औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ा हुआ है, जिस कारण यहां से भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही होती रहती है। इन गहरे गड्ढों के बीच भारी वाहनों का गुजरना किसी बड़े हादसे को खुला निमंत्रण दे रहा है। मीडिया में खबरें छपने के बाद भी इस मार्ग की सुध लेने वाला कोई जिम्मेदार विभाग आगे नहीं आया है।

इस संबंध में लोक निर्माण विभाग  के अधिशासी अभियंता सोनू त्यागी ने बताया कि सड़क का मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद गिट्टी और पत्थरों की मदद से इन गड्ढों को भरने का कार्य किया जाएगा। हालांकि, जब उनसे इस सड़क के पक्के निर्माण या नए एस्टीमेट को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल इस सड़क से जुड़ी कोई भी निर्माण फाइल प्रक्रिया में नहीं है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights