• Tue. Sep 8th, 2026

पतंजलि योगपीठ से शांतरशाह मार्ग बना ‘चंद्रमा की सतह’, जान जोखिम में डालकर चलने को मजबूर राहगीर और छात्र

Byआर सी

Sep 8, 2026

रुड़की (आरसी/संदीप कुमार) पतंजलि योगपीठ से शांतरशाह जाने वाले मुख्य मार्ग की बदहाली ने स्थानीय लोगों, राहगीरों और विद्यार्थियों का जीना मुहाल कर दिया है। सड़क पर बने गहरे-गहरे गड्ढों का हाल ऐसा है कि यह मार्ग किसी ग्रामीण सड़क की बजाय चांद की धरती जैसा प्रतीत होता है और स्थिति इतनी दयनीय है कि लोग अपनी जान हथेली पर रखकर इस रास्ते से गुजरने को विवश हैं।

सड़क के बीच में बने गड्ढे 

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग के पास ही वर्धमान औद्योगिक क्षेत्र स्थित है, जहां से आने-जाने वाले भारी मालवाहकों की निरंतर आवाजाही ने सड़क की स्थिति को और अधिक बदतर बना दिया है। भारी वाहनों के कारण सड़क पर बने गड्ढे और अधिक गहरे हो गए हैं, जिससे सड़क हर समय बड़े हादसों को दावत देती नजर आती है।

फ़ाइल फ़ोटो

इस बरसात के मौसम में गांव के लगभग सभी रास्ते बरसाती पानी की चपेट में आकर पूरी तरह खराब हो चुके हैं, जिससे आवाजाही के लिए केवल यही एक मुख्य मार्ग बचा है। मुख्य मार्ग होने के बावजूद इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है, और इस पर बने गड्ढे राहगीरों के लिए लगातार मुसीबत बने हुए हैं।

इस मार्ग से रोजाना कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं और नौकरीपेशा लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति तब और नारकीय हो जाती है जब सड़क के गड्ढों में भरा गंदा पानी पास से गुजरने वाले वाहनों के टायरों से उछलकर पैदल चल रहे लोगों के कपड़ों पर गिरता है और मजबूरन राहगीरों को गंदे कपड़ों के साथ ही अपने गंतव्य या कॉलेजों की ओर जाना पड़ता है।

क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से कई बार गुहार लगाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने पर गहरा रोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मार्ग का डामरीकरण या मरम्मत का कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो कभी भी कोई बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights