• Wed. Sep 9th, 2026

बहादराबाद-सुमन नगर-पथरी पुल नहर पटरी मार्ग बना राहगीरों के लिए जी का जंजाल, जगह-जगह गड्ढों से बढ़ रहा हादसों का खतरा

Byआर सी

Sep 9, 2026

हरिद्वार:(आरसी/संदीप कुमार) बहादराबाद पावर हाउस से सुमन नगर होते हुए पथरी पुल की ओर जाने वाली नहर पटरी मार्ग की बदहाली राहगीरों और कामगारों के लिए भारी मुसीबत बन गई है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण इस मार्ग से गुजरना आम जनता के लिए किसी खतरे से खाली नहीं है।

रोजाना सिडकुल और अन्य गंतव्यों की ओर आने-जाने वाले कामगारों को अपनी जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से सफर करना पड़ता है। स्थिति तब और अधिक भयावह हो जाती है जब सिडकुल की ओर से भारी मालवाहक वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से पैदल और दोपहिया वाहन चालकों पर गंदा पानी छींटना आम बात है, जिससे यहां छिटपुट दुर्घटनाएं रोजाना की सच्चाई बन चुकी हैं।

क्षेत्रवासियों और राहगीरों ने बताया कि इस खस्ताहाल सड़क की समस्या को लेकर कई बार सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद धरातल पर कोई ठोस और उचित कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्याप्त है।

इस मामले पर संबंधित विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त मार्ग पर सुधार कार्य कुंभ मेला 2027 के दृष्टिगत कराया जा रहा है। सड़क पर बने गड्ढों को चिह्नित कर उन्हें भरवाने का काम किया जा रहा है तथा जो पेंच खराब हैं, उनकी मरम्मत की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद इस सड़क पर पक्का डामरीकरण का कार्य कराया जाएगा, जिसके बाद राहगीरों को इस समस्या से स्थाई रूप से निजात मिल सकेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights