सिडकुल (आरसी/संदीप कुमार)हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरी स्थित रविदास मंदिर मार्ग पर एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह के वक्त सड़क किनारे नवजात को देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कई लोग मौके पर सिर्फ वीडियो बनाने में व्यस्त नजर आए, लेकिन एक जागरूक और संवेदनशील स्थानीय महिला ने आगे बढ़कर मानवता की मिसाल पेश की।
महिला ने तुरंत नवजात को उठाया, कपड़े से साफ किया और उसकी देखभाल की। इसके बाद तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सिडकुल पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।
पुलिस ने सुरक्षित बचाए गए नवजात को चाइल्ड हेल्पलाइन और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम के सुपुर्द कर दिया है। चाइल्ड हेल्पलाइन के अधिकारियों के अनुसार नवजात पूरी तरह सुरक्षित है और उसका नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस और प्रशासन द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना की जानकारी देते हुए नवजात को सबसे पहले संभालने वाली स्थानीय महिला ने बताया कि जब वह सुबह मौके पर पहुंची तो वहां काफी भीड़ थी और लोग सिर्फ वीडियो बनाने में लगे हुए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसने बिना देर किए बच्चे को अपने पास लिया, साफ-सुथरा किया और उसकी नाल काटे जाने के बाद उसे सुरक्षित रखा। महिला की इस सूझबूझ और तत्परता के कारण समय रहते नवजात की जान बचाई जा सकी।
![]()
