• Mon. Sep 21st, 2026

एक हफ्ता बीतने के बाद भी नहीं सुलझी हैप्पी मर्डर गुत्थी, भीम आर्मी ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

बहादराबाद (आरसी/ संदीप कुमार) हरिद्वार के शांतरशाह गांव में बाइक मैकेनिक हैप्पी की नृशंस हत्या के मामले में एक हफ्ता बीत जाने के बाद भी पुलिस हैप्पी मर्डर गुत्थी नहीं सुलझा सकी। इस खुलासे में देरी के कारण क्षेत्र के व्यापारियों, ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में भारी रोष व्याप्त है। घटना के बाद से ही पूरे गांव और क्षेत्र में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

बीते सोमवार की शाम को हैप्पी अपनी दुकान पर बैठा हुआ था, तभी दो अज्ञात मुंह ढके हुए युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उसकी हत्या कर दी थी। घटना के तुरंत बाद एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर हरिद्वार मौके पर पहुंचे थे और मीडिया से बातचीत में जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार करने का दावा किया था, लेकिन सात दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। इस दुख की घड़ी में सांत्वना देने के लिए लगातार लोग और सामाजिक चिंतक पहुंच रहे हैं।

इसी कड़ी में रविवार की शाम चेयरमैन और भीम आर्मी के नेता परवेज सुल्तान मृतक हैप्पी के परिजनों को सांत्वना देने उनके घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर जमकर निशाना साधा। परवेज सुल्तान ने कहा कि शांतरशाह गांव में इन दिनों भारी भय और दहशत का माहौल है। उन्होंने ढढेरे में हुई एक अन्य गोलीकांड की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि अपराधियों द्वारा लगातार युवकों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि समाज के दो-दो विधायक होने के बावजूद कोई भी जनप्रतिनिधि मृतक हैप्पी के घर सांत्वना देने तक नहीं पहुंचा है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि भीम आर्मी और उनके नेता शुरुआत से ही लगातार मृतक के परिजनों के संपर्क में हैं।

प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए परवेज सुल्तान ने कहा कि पुलिस मामूली झगड़ों में तुरंत धरपकड़ करती है, लेकिन इस सनसनीखेज हत्या के मामले में छह दिन बीत जाने के बाद भी कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। पार्टी और संगठन के उच्च पदाधिकारियों के साथ लगातार बातचीत जारी है । और चेतावनी दी कि यदि अगले दो दिनों के भीतर पुलिस ने मामले का खुलासा कर हमलावरों को गिरफ्तार नहीं किया, तो एक बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

दूसरी ओर, इस पूरे मामले पर स्थानीय पुलिस प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई को पूरी तरह से सही दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है और पुलिस जल्द ही इस हैप्पी हत्याकांड का खुलासा करने का दावा कर रही है।

फिलहाल, ग्रामीण और व्यापारी वर्ग इस बात के इंतजार में है कि कब पुलिस प्रशासन कातिलों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाएगा और क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बहाल होगा।

सांत्वना देने पहुंचे परवेज सुल्तान के साथ राव बाबर मौजूद रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights