• Sat. Apr 18th, 2026

बीजेपी कार्यकर्ता का अपनी ही नेत्री पर जमीन हड़पने का आरोप, प्रेस वार्ता कर बयां किया दर्द

Byआर सी

Apr 14, 2026

ऋषिकेश (आरसी / संदीप कुमार) धर्मनगरी हरिद्वार में भारतीय जनता पार्टी के मातृ संगठन के एक सदस्य द्वारा अपनी ही पार्टी की ऋषिकेश निवासी तथाकथित महिला नेत्री पर जमीन कब्जे का गंभीर आरोप लगाने का मामला सामने आया है। गुरुवार को हरिद्वार प्रेस क्लब में पत्रकारों से रूबरू होते हुए चंदन सैनी ने बताया कि संगठन में सक्रिय एक महिला नेत्री ने उनकी निजी संपत्ति पर अवैध रूप से कब्जा जमा लिया है। पीड़ित का आरोप है कि उक्त महिला ने उनकी संपत्ति का ताला तोड़कर वहां रखा सारा सामान बाहर फेंक दिया और पार्टी में अपने पद का रसूख दिखाते हुए वहां अपना बोर्ड टांग दिया।

 

चंदन सैनी ने जानकारी दी कि जैसे ही उन्हें इस अवैध कब्जे की भनक लगी, उन्होंने तत्काल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। शुरुआत में महिला नेत्री मामले को टालती रही और उनसे बात करने तक से परहेज किया, लेकिन जब स्थानीय पुलिस को लिखित शिकायत दी गई तो महिला अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंची। आरोप है कि वहां सच्चाई स्वीकार करने के बजाय महिला नेत्री ने जमीन को किराए पर लेने की बात कहकर मामले को रटकाने और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।

पीड़ित के अनुसार, एक ही संगठन से जुड़े होने के नाते उन्होंने इस प्रकरण की शिकायत संगठन के उच्च पदाधिकारियों से भी की, लेकिन वहां भी महिला नेत्री ने किराए की झूठी कहानी सुनाकर सबको बरगलाने की कोशिश की। चंदन सैनी ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने यह संपत्ति ब्याज पर पैसे लेकर अपनी मेहनत की कमाई से खरीदी थी, जिसे अब सत्ता और पद की धमक दिखाकर हड़पने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग न केवल आम जनता को प्रताड़ित कर रहे हैं, बल्कि पार्टी और संगठन की छवि को भी धूमिल कर रहे हैं।

पीड़ित चंदन सैनी ने संगठन के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि उक्त महिला नेत्री को तत्काल प्रभाव से पद से निष्कासित किया जाए और उनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मंगलवार को प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान वह अपनी बात उन तक पहुँचाने का हरसंभव प्रयास करेंगे। साथ ही, इस पूरे मामले को लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को विस्तार से पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights