• Mon. Jun 8th, 2026

धर्मनगरी में नामचीन कलम के सिफाई की बाईक पर चोरों ने किया हाथ साफ, शहर में पुलिस की गश्त पर सवालिया निशान

Byआर सी

Jun 8, 2026

हरिद्वार (आरसी/संदीप कुमार) धर्मनगरी हरिद्वार में इन दिनों चोरों का आशीर्वाद कुछ ज्यादा ही बरस रहा है। खाकी के खौफ को ठेंगा दिखाते हुए चोर अब इतने बेखौफ हो गए हैं कि उन्हें कानून का रत्ती भर भी डर नहीं रहा। ताजा शिकार बने हैं एक प्रमुख दैनिक समाचार पत्र के वरिष्ठ पत्रकार बसंत कुमार, जिनकी बाइक चोरों ने बड़े ही आराम से ऑफिस के बाहर से ‘गायब’ कर दी।

शनिवार की रात जब शहर नींद की आगोश में था, तब चोर अपने काम में मशगूल थे। वारदात का सीसीटीवी फुटेज किसी फिल्मी सीन से कम नहीं है, जिसमें एक संदिग्ध युवक का मुंह पूरी तरह नकाब में ढका नजर आ रहा है। यह शातिर चोर पहले किसी मंजे हुए खिलाड़ी की तरह गली में टहलते हुए रेकी करता है और माहौल को पूरी तरह भांपने के बाद हाथ की ऐसी सफाई दिखाता है कि बाइक लेकर पलक झपकते ही रफूचक्कर हो जाता है।

इस दुस्साहसी वारदात के बाद स्थानीय लोगों और मीडिया कर्मियों में गहरा आक्रोश है। शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर अब बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं कि जब एक पत्रकार सुरक्षित नहीं है, तो आम आदमी का क्या होगा? पीड़ित पत्रकार बसंत कुमार भी इस घटना से हतप्रभ हैं। अब देखना यह है कि पुलिस की नींद कब खुलती है और सीसीटीवी में कैद हुआ यह कलाकार कब तक सलाखों के पीछे पहुंचता है, या फिर पुलिस की कार्यवाही हमेशा की तरह केवल फाइलों तक ही सिमट कर रह जाएगी। चोरों के बुलंद होते हौसलों के बीच धर्मनगरी के लोग अब अपनी सुरक्षा को लेकर आशंकित हैं।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights