• Mon. Jun 8th, 2026

जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि के चाचा की डेयरी से भैंसें उड़ा ले गए शातिर

Byआर सी

Jun 8, 2026

बहादराबाद (आरसी/संदीप कुमार) धर्मनगरी में इन दिनों चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने रसूखदारों को भी अपना ‘सॉफ्ट टारगेट’ बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला बहादराबाद क्षेत्र से सामने आया है, जहाँ जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि राव आज़म शकील के परिवार की डेयरी पर चोरों ने धावा बोल दिया। खाकी की गश्त को ठेंगा दिखाते हुए शातिर चोर डेयरी का ताला तोड़कर तीन कीमती भैंसों को बड़े ही आराम से किसी चारपहिया वाहन में लादकर रफूचक्कर हो गए। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बढ़ेडी राजपूतान में स्थित डेयरी पर चोरों ने आधी रात को घटना को अंजाम दिया। डेयरी मालिक और राव आज़म शकील के चाचा जियाउलहक ने शनिवार की रात ग्यारह बजे गेट पर ताला लगाया था। लेकिन सुबह जब वे दूध निकालने पहुंचे तो डेयरी का मंजर देखकर दंग रह गए। मुख्य गेट का ताला टूटा पड़ा था और अंदर का बाड़ा खाली था। चोरों ने इतनी सफाई से हाथ साफ किया कि आसपास के लोगों को भनक तक नहीं लगी। मौके पर मिले चारपहिया वाहन के टायरों के गहरे निशान इस बात की गवाही दे रहे हैं कि यह कोई मामूली चोरी नहीं, बल्कि किसी संगठित गिरोह की सोची-समझी ‘कारस्तानी’ है। एक रसूखदार जनप्रतिनिधि के परिवार के साथ हुई इस वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी बड़े सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। चर्चा है कि जब जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि के परिवार की संपत्ति ही सुरक्षित नहीं है, तो आम आदमी का क्या हाल होगा?

मामले की संवेदनशीलता और बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए बहादराबाद कोतवाली के कोतवाल अमरजीत सिंह ने स्थिति स्पष्ट की है।

कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले को लेकर बेहद गंभीर है। और चोरों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस न केवल आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, बल्कि संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर भी लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जांच तेजी से जारी है और जल्द ही इन पशु चोरों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। लेकिन पीड़ित परिवार समेत स्थानीय लोग अब दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights