• Mon. Jul 6th, 2026

हरिद्वार की फिज़ा में खपाने आए थे जाली करेंसी: पुलिस की बारीक नज़र ने धर दबोचा चार अनासिरों को!

Byआर सी

Jul 6, 2026

हरिद्वार:(आरसी/ संदीप कुमार) उत्तराखंड के हरिद्वार में नकली नोटों का काला कारोबार करने वाले एक बड़े गिरोह की कमर एसएसपी नवनीत सिंह की ‘एयर स्ट्राइक’ ने तोड़ दी है। कोतवाली नगर पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर से आए चार शातिर ठगों को उस समय रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया, जब वे हरिद्वार के बाजारों में नकली नोट खपाने की फिराक में घूम रहे थे।

पुलिस की पूछताछ में जो खुलासे हुए हैं, उसने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। इन शातिर बदमाशों ने पंजाब में बैठे अपने एक ‘आका’ से बीस हजार रुपये के असली नोट देकर पाँच सौ-पाँच सौ रुपये के दो सौ नकली नोट यानी कुल एक लाख रुपये की जाली करेंसी खरीदी थी। इन नोटों को बाजार में खपाकर असली धन कमाने की नीयत से ये गिरोह हरिद्वार पहुँचा था और बीते रोज इन्होंने बाजारों में खरीदारी कर कुछ नकली नोट चला भी दिए थे।

बीती रात मेला अस्पताल के पास पुलिस की टीम सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। तभी पुलिस को चार संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए, जो पुलिस को देखते ही तेज कदमों से वापस मुड़ने लगे। पुलिस का शक यकीन में बदल गया और पीछा कर बिल्केश्वर और टिबड़ी तिराहे के बीच घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान इनके पास से पाँच सौ-पाँच सौ रुपये के कुल एक सौ उनहत्तर जाली नोट बरामद हुए, जिनकी कीमत चौरासी हजार पाँच सौ रुपये है।

पकड़े गए आरोपियों में गुरदासपुर, पंजाब निवासी अठावन वर्षीय सरजीत सिंह, उनतीस वर्षीय टिंकू, बीस वर्षीय सुमित कुमार और सैंतालीस वर्षीय संजीव कुमार शामिल हैं। इस गिरोह के पकड़े जाने के बाद अब केंद्रीय एजेंसियों के भी कान खड़े हो गए हैं। एसएसपी नवनीत सिंह ने इस पूरे सिंडिकेट का भंडाफोड़ करने और नकली नोटों के मुख्य सप्लायर को दबोचने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। फिलहाल पुलिस टीम ने इन चारों के खिलाफ कोतवाली नगर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है, और आगे की कार्रवाई जारी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights