हरिद्वार (आर चौहान)। धर्मनगरी हरिद्वार में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के प्रमुख सीपी नौटियाल को उनके ही ड्राइवर ने गोली मार दी। इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सीपी नौटियाल और उनके ड्राइवर विनोद नेगी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ड्राइवर विनोद नेगी ने उन पर गोली चला दी। गोली लगने से सीपी नौटियाल घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद आनन-फानन में घायल सीपी नौटियाल को हरिद्वार स्थित बंगाली हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि, आगे के बेहतर उपचार और गहन चिकित्सकीय जांच के लिए उन्हें एम्स रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल विवाद के असल कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा नहीं हो पाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के आधिकारिक बयान और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
![]()
