हरिद्वार: जिले की पुलिस ने बहादराबाद क्षेत्र में हुए बहुचर्चित हैप्पी हत्याकांड के ब्लाइंड मर्डर केस का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। बीती रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 14 सितंबर 2026 को पतंजलि रोड स्थित देव धर्म कांटा शांतारशाह के पास 28 वर्षीय हैप्पी की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के संबंध में मृतक के भाई कपिल की तहरीर पर कोतवाली बहादराबाद में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को समझते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमों का गठन कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।
तलाश और सुरागरसी के दौरान बीती रात पुलिस चेकिंग के समय नहर पटरी पर तिरछा पुल के पास दो संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार आते हुए दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर बाइक सवार बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर सीधा फायर कर दिया और कलियर की ओर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने त्वरित सूचना देकर सीमावर्ती थानों का बल भी मौके पर बुला लिया।
बदमाश अपनी मोटरसाइकिल को दौलतपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर छोड़कर झाड़ियों की आड़ से लगातार पुलिस पर फायरिंग करने लगे। बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में एक गोली सरकारी वाहन के ड्राइवर साइड की खिड़की के नीचे जा लगी। पुलिसर्किमयों ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर बाद जब झाड़ियों की तरफ से फायरिंग बंद हुई और पुलिस ने चेतावनी दी, तो एक बदमाश ने आत्मसमर्पण करने की बात कही।
पुलिस ने सावधानीपूर्वक सर्च अभियान चलाया तो ढलान पर एक बदमाश घायल अवस्था में मिला, जिसके बाएं पैर की पिलड़ी से खून बह रहा था। पूछताछ में उसने अपना नाम मुदस्सिर पुत्र जमशेद, निवासी ग्राम दतौली रांगण, कोतवाली देहात, सहारनपुर, उम्र 20 वर्ष बताया। उसका दूसरा साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। घायल बदमाश को तुरंत मेला अस्पताल हरिद्वार इलाज के लिए भेजा गया, जहाँ एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि वर्ष 2022 में आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक निवासी सहारनपुर एक युवती को भगाकर ले गया था, जिस पर कोतवाली जनकपुरी में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। उस मामले में इस्तकार की गिरफ्तारी का शक मृतक हैप्पी पर था, जिसके कारण दोनों के बीच गहरी रंजिश चल रही थी। जेल से बाहर आने के बाद इस्तकार स्मैक के अवैध धंधे में शामिल हो गया था। मृतक हैप्पी लगातार उसे पुलिस से पकड़वाने की धमकी दे रहा था। इस बात से परेशान होकर इस्तकार कलियर और फिर सहारनपुर शिफ्ट हो गया था, लेकिन वह चोरी-छिपे शांतारशाह आता रहता था। हैप्पी उससे पैसों की डिमांड भी करने लगा था। हैप्पी की इन धमकियों से तंग आकर इस्तकार ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची और 12 सितंबर को रेकी करने के बाद 14 सितंबर को इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने मौके से एक तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक ब्लैक कलर की स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने और बदमाश को मुठभेड़ में दबोचने वाली संयुक्त टीम में क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान, कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह, सीआईयू हरिद्वार, सीआईयू रुड़की और विभिन्न थानों के थाना प्रभारी व पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चल रहे दूसरे आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
![]()
