• Tue. Sep 29th, 2026

गोद लेने के बहाने खरीदा मासूम! बहादुरपुर सैनी निवासी दंपति समेत छह दबोचे गए

बिजनौर: थाना नगीना जनपद बिजनौर पुलिस ने बच्चा बेचने के मामले में एक बच्चे को सकुशल बरामद करते हुए छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में थाना क्षेत्र बहादराबाद के बहादुरपुर सैनी निवासी दंपति भी शामिल हैं। बरामद बालक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार, बिजनौर ने मंगलवार को बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।

 

घटना के अनुसार सोमवार को वादी ताजूद्दीन निवासी ग्राम भूरापुर, थाना नगीना, जनपद बिजनौर ने थाना नगीना पर तहरीर दी कि वादी की बहन ने अपने चौदह माह के पुत्र को पालन-पोषण हेतु अभियुक्त फरीद एवं उसकी पत्नी को दिया था। आरोप है कि उनके द्वारा अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर बालक को बेच दिया गया। तहरीर के आधार पर थाना नगीना में संबंधित मुकदमा पंजीकृत किया गया। बालक की तलाश एवं अभियुक्तगण की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित कर प्रयास किए जा रहे थे।

पूछताछ में अभियुक्तगण जितेन्द्र कुमार उर्फ विक्की, कपिल उर्फ राजवीर, फरमान, फरीद की पत्नी, वादी की बहन एवं प्रीतम सैनी की पत्नी ने बताया कि वादी की बहन व फरमान के पहले से चार बच्चे थे तथा बाद में जुड़वा दो बच्चे, एक लड़का एवं एक लड़की, पैदा हुए थे। आर्थिक परेशानी के कारण उन्होंने जुड़वा बच्चों में से करीब पंद्रह दिन के पुत्र को देने का निर्णय लिया। फरीद की पत्नी के माध्यम से जितेन्द्र कुमार उर्फ विक्की, कपिल उर्फ राजवीर एवं एक अन्य महिला द्वारा उक्त बालक को गुरुवार को दो लाख रुपये देकर लिया गया। प्रीतम सैनी एवं उनकी पत्नी के कोई संतान नहीं थी तथा वे बच्चा गोद लेने की तलाश में थे, जिसके चलते उक्त बालक को उन्हें पाँच लाख रुपये में दिया गया।

 

पूछताछ में बताया गया कि रुपयों का लेन-देन एक हॉस्पिटल में डॉक्टर कपिल उर्फ राजवीर द्वारा कराया गया तथा बालक का लेन-देन दूसरे हॉस्पिटल में डॉक्टर जितेन्द्र कुमार द्वारा कराया गया। बालक को पाँच लाख रुपये में दिए जाने से प्राप्त धनराशि को आपस में एक-एक लाख रुपये बांट लिया गया। बाद में बालक के माता-पिता को अधिक धनराशि में बालक दिए जाने की जानकारी होने पर उनके द्वारा शिकायत करने की बात कही गई, जिस पर उन्हें डेढ़ लाख रुपये अतिरिक्त दिए गए।

 

गिरफ्तार अभियुक्तों में जितेन्द्र कुमार उर्फ विक्की निवासी ग्राम नन्दपुर, थाना नगीना, जनपद बिजनौर, कपिल उर्फ राजवीर निवासी ग्राम नन्दपुर, थाना नगीना, जनपद बिजनौर, फरमान निवासी ग्राम नैनपुरा, थाना नगीना, जनपद बिजनौर, फरीद की पत्नी निवासी ग्राम नैनपुरा, थाना नगीना, जनपद बिजनौर, वादी की बहन निवासी ग्राम नैनपुरा, थाना नगीना, जनपद बिजनौर तथा प्रीतम सैनी की पत्नी निवासी बहादुरपुर सैनी, थाना बहादराबाद, जनपद हरिद्वार, उत्तराखण्ड शामिल हैं।

अभियुक्त जितेन्द्र कुमार उर्फ विक्की के विरुद्ध पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त कपिल उर्फ राजवीर के विरुद्ध भी पूर्व में मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान मामले में भी दोनों के विरुद्ध विवेचना की जा रही है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह, थाना नगीना जनपद बिजनौर, उप निरीक्षक अजीत कुमार, उप निरीक्षक सुक्रमपाल राण, हेड कांस्टेबल वरुण कुमार, हेड कांस्टेबल विरेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल ब्रिजेश कुमार, कांस्टेबल निर्दोष कुमार, कांस्टेबल ललित कुमार, कांस्टेबल सुशान्त कुमार तथा तीन महिला कांस्टेबल शामिल रहीं।

 

पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार, बिजनौर ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। बालक को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। अन्य आवश्यक कार्यवाही प्रचलित है।

Loading

By आर सी /संदीप कुमार

ख़बर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें 8171837509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights