रुड़की ( आर सी/रुड़की) बृहस्पतिवार को तांशीपुर इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित सागर पेपर पैकेजिंग कंपनी में श्रमिकों की वेतन वृद्धि को लेकर चल रहा धरना प्रदर्शन आखिरकार सहमति के साथ समाप्त हो गया। पीपल्स यूथ फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजी. ललित कुमार के नेतृत्व में श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ शोषण का पुरजोर विरोध किया।
धरना स्थल पर पहुंचे इंजी. ललित कुमार ने कंपनी द्वारा मामूली वेतन वृद्धि के प्रस्ताव को खारिज करते हुए संवैधानिक वेतन वृद्धि की मांग पर अड़े रहे। लंबे विचार-मंथन के बाद कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच सहमति बनी। इसके तहत प्रत्येक श्रमिक के वेतन में EPF और ESI कटौती के बाद 4000 रुपये प्रति माह की वृद्धि होगी। साथ ही, अब से वेतन नकद के बजाय बैंक खाते में जमा किया जाएगा। आपातकालीन अवकाश जैसे अन्य बिंदुओं पर भी सहमति बनी।
धरना प्रदर्शन में मूलनिवासी विद्यार्थी संघ, भीम आर्मी, मूलनिवासी संघ और पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक (PPID) के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और श्रमिकों का समर्थन किया। PPID यूथ विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हड़ताल समाप्ति की घोषणा करते हुए कहा कि यह श्रमिकों की एकजुटता और संघर्ष की जीत है।
यह सहमति श्रमिकों के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है।