हरिद्वार(आर सी/संदीप कुमार) बुधवार को कनखल के गुरबक्श विहार में बुधवार सुबह सात बजे एक घर में जहरीला कॉमन करैत सांप घुसने से हड़कंप मच गया। सांप के घर में प्रवेश करने से परिवार वालों में दहशत फैल गई और माहौल बेचैनी से भर गया। मकान मालिक ने तुरंत रेंजर शैलेंद्र कुमार को सूचना दी।
लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद रेंजर शैलेंद्र ने सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। उन्होंने बताया कि यह सांप कॉमन करैत प्रजाति का है, जो निशाचर होता है और रात के समय सक्रिय रहता है। संभवतः रात में यह घर में घुसा होगा। रेंजर ने बताया कि इस सांप का काटना चींटी के काटने जितना हल्का महसूस होता है और कई बार पता भी नहीं चलता। इसका जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है, जो लकवे जैसी स्थिति पैदा कर सकता है।
सांप को सुरक्षित पकड़कर जांच के लिए ले जाया गया है और जल्द ही इसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा। रेंजर शैलेंद्र ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि बरसात के मौसम में जहरीले जीव अक्सर बसावट की ओर आ जाते हैं, इसलिए सतर्कता बरतें और किसी भी खतरे की स्थिति में तुरंत वन विभाग से संपर्क करें।