• Sun. Oct 25th, 2026

नारसन में लाइनमैन की खंभे से गिरकर मौत, परिजनों ने बिजली घर पर किया हंगामा

Byआर सी

Jul 9, 2025

नारसन (आर सी/संदीप कुमार) विद्युत उपखंड नारसन में बुधवार दोपहर एक दुखद हादसे में संविदा पर तैनात 23 वर्षीय लाइनमैन राजन की इलाज के दौरान मौत हो गई। नारसन खुर्द निवासी राजन गांव में बिजली की लाइन सुधारने के लिए खंभे पर चढ़ा था। काम के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़ा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

हंगामा कर रहे ग्रामीणों को समझाते मंगलौर पुलिस

सहयोगियों ने तुरंत उसे नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया। परिजन उसे भूमानंद हॉस्पिटल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान राजन ने दम तोड़ दिया। इस जवान मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लोग हतप्रभ होकर राजन के घर की ओर दौड़े।

पोस्टमॉर्टम के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने राजन का शव नारसन बिजली घर पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने विभाग से मुआवजे की मांग की। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। खबर लिखे जाने तक विभाग और परिजनों के बीच मुआवजे को लेकर बातचीत जारी थी।

 

यह हादसा लाइनमैनों की सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करता है। हाल के महीनों में मेरठ और बिजनौर में भी इसी तरह के हादसों में लाइनमैनों की मौत के मामले सामने आए हैं, जहां विभागीय लापरवाही की शिकायतें उठी थीं। ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

Loading

By आर सी

ख़बर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें 8171837509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights