• Fri. Oct 23rd, 2026

चर्चा:स्वास्थ्य से खिलवाड़! बहादराबाद के बेगमपुर औद्योगिक क्षेत्र में चिकन सेंटर बने अवैध ‘बार’

Byआर सी

Dec 4, 2025

बहादराबाद(आरसी/संदीप कुमार) थाना क्षेत्र बहादराबाद के अंतर्गत बेगमपुर औद्योगिक क्षेत्र में इन दिनों कई कैफे और चिकन सेंटर अवैध शराब सेवन के अड्डों में तब्दील हो गए हैं, जिसने क्षेत्र में गंभीर चर्चा छेड़ दी है।

इन सेंटरों पर आने वाले लोग पास के सरकारी ठेके से शराब खरीदते हैं और फिर बिना किसी वैध अनुमति के, इन चिकन सेंटरों और कैफे में बैठकर सरेआम उसका सेवन करते हैं। यह अवैध कारोबार दिन के उजाले में धड़ल्ले से चल रहा है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सेंटर संचालक शराब पीने वालों को चखने के रूप में वेज और नॉनवेज व्यंजन परोस रहे हैं, लेकिन यहां सबसे गंभीर बात यह है कि कई संचालक मुनाफे के लालच में शराब के नशे में धुत ग्राहकों को बासी  चिकन तक मनचाहे दामों पर बेच रहे हैं। यह कृत्य सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है।

इस अवैध शराबखोरी के कारण औद्योगिक क्षेत्र का माहौल बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। लोग कह रहे हैं, इन अड्डों पर आए दिन झगड़े और मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। सबसे अधिक परेशानी उन महिला कर्मियों को होती है, जो बेगमपुर औद्योगिक क्षेत्र में काम करने के लिए इन्हीं रास्तों से होकर गुजरती हैं। शराबियों के जमावड़े के कारण उन्हें काफी असुरक्षा और दिक्कत महसूस होती है।

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यह सब कुछ खुलेआम चल रहा है, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन पूरी तरह से मौन है। क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य को खतरे में डालने वाले बासी भोजन परोसने और बिना अनुमति के शराब पीने की जगह उपलब्ध कराने वाले इन सेंटरों पर जल्द से जल्द सख्त कानूनी कार्रवाई करने और महिला कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

 

Loading

By आर सी

ख़बर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें 8171837509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights