हरिद्वार (आरसी / संदीप कुमार) जनपद के चर्चित उर्मिला सनावर प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने एक बड़ा और निर्णायक कदम उठाते हुए विशेष जांच दल (SIT) के गठन के आदेश जारी कर दिए हैं। उर्मिला सनावर के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज कुल चार मुकदमों के त्वरित और सफल निस्तारण के लिए कप्तान ने यह सख्त रुख अपनाया है। इस पूरी जांच प्रक्रिया की कमान पुलिस अधीक्षक नगर अभय कुमार सिंह को सौंपी गई है, जो अपनी देखरेख में इन मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करेंगे।
एसएसपी द्वारा गठित इस सात सदस्यीय एसआईटी में जिले के अनुभवी और तेज-तर्रार पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है। टीम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे सदस्यों में रानीपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शांति कुमार गंगवार और ज्वालापुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा जैसे अनुभवी अफसर शामिल हैं। इनके साथ ही बहादराबाद थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अंकुर शर्मा और झबरेड़ा थाने के उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह को भी टीम का हिस्सा बनाया गया है ताकि चारों संबंधित थानों के मुकदमों में समन्वय बना रहे। इसके अतिरिक्त तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग के लिए एसपी सिटी कार्यालय के अपर उपनिरीक्षक रणजीत सिंह बिष्ट, कांस्टेबल विनय और सी.आई.यू. हरिद्वार के कांस्टेबल वसीम को भी इस विशेष टीम में जगह दी गई है।
उल्लेखनीय है कि उर्मिला सनावर के विरुद्ध ज्वालापुर, रानीपुर, बहादराबाद और झबरेड़ा कोतवाली व थानों में मुकदमे दर्ज हैं, जिनकी लंबे समय से जांच चल रही थी। अब कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के इस निर्णय से जांच प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी प्रकरणों की जांच पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की जाए ताकि सत्यता सामने आ सके। इस एसआईटी के गठन के बाद से पुलिस महकमे और संबंधित पक्षों में हलचल तेज हो गई है, क्योंकि अब इन सभी मुकदमों की फाइलें एसपी सिटी की सीधी निगरानी में खंगाली जाएंगी।
![]()
