धनौरी (आरसी/संदीप कुमार) : भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेता अमित सैनी का सड़क हादसे के बाद इलाज के दौरान निधन हो गया है। बृहस्पतिवार शाम रुड़की से घर लौटते समय उनकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमित सैनी बृहस्पतिवार शाम रुड़की से अपने निवास स्थान धनौरी लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। हादसे के वक्त वह कार में अकेले सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पिरान कलियर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला और तत्काल रुड़की के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि इलाज के दौरान अमित सैनी ने दम तोड़ दिया। उनकी मृत्यु की पुष्टि होते ही परिजनों और समर्थकों में चीख-पुकार मच गई।
एक सक्रिय बीजेपी नेता के रूप में पहचान रखने वाले अमित सैनी के आकस्मिक निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी है। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
![]()
