• Fri. Sep 18th, 2026

भगवानपुर में बरातियों ने मासूम को रौंदा, आक्रोशित ग्रामीणों ने होंडा अमेज पलटकर फूंका गुस्सा

भगवानपुर(आरसी / संदीप कुमार) भगवानपुर के टकाभरी गांव में लक्सर से आई एक बरात उस वक्त विवादों और हिंसा के अखाड़े में तब्दील हो गई, जब नशे में धुत बरातियों ने अपनी तेज रफ्तार होंडा अमेज कार से एक 9 वर्षीय मासूम को कुचल दिया। घटना के बाद गांव में ऐसा उबाल आया कि ग्रामीणों ने कार को सड़क पर ही पलट दिया और उसमें जमकर तोड़फोड़ की। स्थिति को संभालने के लिए एसपी देहात और तीन थानों की फोर्स को घंटों तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

फ़ाइल फ़ोटो

शराब के नशे में स्टंट बना काल

मिली जानकारी के अनुसार, बरात में आए कुछ युवक गांव के बीच स्थित एक आम के बाग में बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि नशे की हालत में ये युवक होंडा अमेज कार से खतरनाक स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान पास में ही खेल रहा गांव का मासूम वीशू (9 वर्ष) कार की चपेट में आ गया और टायर के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। लहूलुहान बच्चे को देख मौके पर चीख-पुकार मच गई। हालांकि, हादसे के बाद  बच्चे को बाइक से नजदीकी अस्पताल ले गया, जहाँ से उसे अत्यंत नाजुक हालत में देहरादून के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल बच्चा वेंटिलेटर पर है और जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

Sompal
ख़बर और विज्ञापन हेतु संपर्क करें 8171837509

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, कार को किया धराशायी

हादसे की खबर मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। नशे में धुत बरातियों की इस हरकत से गुस्साए ग्रामीणों ने न सिर्फ होंडा अमेज कार को घेर लिया, बल्कि उसे मौके पर ही पलट दिया और लाठी-डंडों से पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों ने मौके से भाग रहे दो बरातियों को भी पकड़कर बंधक बना लिया।

भारी पुलिस बल ने संभाला मोर्चा

गांव में तनाव और हिंसा की सूचना पर एसपी देहात, सीईओ और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली भगवानपुर तत्काल मौके पर पहुंचे। हालात इतने बेकाबू थे कि आसपास के दो अन्य थानों की पुलिस को भी कुमुक के तौर पर बुलाना पड़ा। घंटों तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे और पुलिस अधिकारियों द्वारा कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद जैसे-तैसे भीड़ को शांत कराया गया और बंधक बनाए गए बरातियों को मुक्त कराया गया।

देर शाम मामला शांत तो हो गया, लेकिन गांव में अब भी भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि नशे में वाहन चलाने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights