• Wed. Mar 11th, 2026

भौंरी गांव में खेत में घूमने गए ग्रामीण को दिखा ट्यूबवेल के गड्ढे में गिरा तेंदुआ, रेस्क्यू के लिए जुटी वन विभाग की टीम

Byआर सी

Mar 11, 2026

रुड़की (आरसी/संदीप कुमार) : रुड़की के ग्राम भौंरी में बुधवार की शाम उस समय सनसनी फैल गई जब भोपाल सैनी के खेत में बने ट्यूबवेल के गड्ढे में एक तेंदुआ फंसा हुआ पाया गया। घटना की शुरुआत तब हुई जब शाम करीब छः बजे गांव का ही निवासी मोनू फोन पर बात करते हुए ट्यूबवेल के पास से गुजर रहा था। अचानक उसकी नजर गड्ढे में बैठे तेंदुए पर पड़ी, जिसे देख उसके होश उड़ गए। मोनू ने तुरंत इसकी सूचना ट्यूबवेल मालिक भोपाल सैनी को दी, जिसके बाद भोपाल सैनी ने ग्राम प्रधान को मामले से अवगत कराया।

ख़बर और विज्ञापन हेतु संपर्क करें 8171837509

ग्राम प्रधान की सूचना पर वन विभाग की टीम तत्काल हरकत में आई। रुड़की के अनुभाग अधिकारी इंद्र सिंह और धनौरी के बीट अधिकारी अनुज कांबोज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तेंदुए के गड्ढे में फंसे होने की पुष्टि की। जैसे ही यह खबर क्षेत्र में फैली, तेंदुए को देखने के लिए आसपास के ग्रामीणों का भारी तांता लग गया, जिससे मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अनुभाग अधिकारी इंद्र सिंह, एसडीओ ज्वाला प्रसाद गौड़ और चिड़ियापुर रेस्क्यू सेंटर से पशु चिकित्सक अमित ध्यानी भी मौके पर पहुंच गए।

रेंजर शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग ने त्वरित कार्यवाही शुरू कर दी थी। तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरिद्वार की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को मौके पर बुलाया गया है। योजना के अनुसार, टीम के द्वारा ही तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर बेहोश किया गया और फिर उसे अग्रिम कार्यवाही के लिए चिड़ियापुर रेंज भेजा जाएगा। फिलहाल वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मुस्तैद हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने की तैयारी में जुटे हैं।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights