लक्सर (आरसी / संदीप कुमार) वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशानुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में लक्सर कोतवाली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने हुक्का गैंग के उस मुख्य सदस्य को धर दबोचा है जो न केवल फेसबुक के माध्यम से गैंग का दुष्प्रचार करता था, बल्कि उन्हें अवैध असलहों की सप्लाई भी करता था। पकड़ा गया आरोपी तीन दिन पहले हुए एक सनसनीखेज हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहा था।
शुक्रवार को उपनिरीक्षक दीपक चौधरी अपनी टीम के साथ ग्राम भूरनी क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश में चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान कुआंखेड़ा की ओर से आ रहे एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार ने पुलिस की टॉर्च की रोशनी देखते ही गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और मोटरसाइकिल सहित आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा (315 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सालम, निवासी घिस्सोपुरा मंगलौर के रूप में बताई। आरोपी ने कबूल किया कि वह हुक्का गैंग का सक्रिय सदस्य है और गैंग के लड़कों को हथियार उपलब्ध कराता है।
सालम ने खुलासा किया कि गैंग के सदस्यों का एक युवक के साथ वीडियो क्लिप को लेकर पैसों का विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में 10 मार्च की रात को उसने अपने साथियों के साथ दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर नगला खिताब में एक व्यक्ति के घर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग की थी। घटना के समय हमलावरों ने घर के भीतर घुसकर भी जानलेवा हमला करने का प्रयास किया था, जिसमें पीड़ित बाल-बाल बच गया था। इस वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक लोकपाल परमार, विपिन कुमार, दीपक चौधरी और मुख्य आरक्षी मीनान की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अब आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है और गैंग के अन्य संपर्कों को खंगालने में जुटी है।
![]()
