देहरादून (आरसी / संदीप कुमार) भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी और लू की चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के अनुसार 25 मई से 27 मई 2026 तक हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चम्पावत जिलों में तापमान सामान्य से अधिक रहने और लू चलने की प्रबल संभावना है।
इस स्थिति को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी संबंधित जिला प्रशासनों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अस्पतालों में ओआरएस, आवश्यक दवाइयां और बर्फ के पर्याप्त स्टॉक के साथ हीट स्ट्रोक के मरीजों के उपचार हेतु विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। नगर निकायों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे बाजार, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और प्रमुख चौराहों पर पेयजल, प्याऊ और शीतल जल की व्यवस्था करें। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नागरिकों के लिए अस्थायी शेड और विश्राम स्थल तैयार किए जा रहे हैं।
गर्मी के प्रकोप को देखते हुए बिजली और पेयजल विभागों को निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के साथ ही पानी की कमी वाले क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति करने के निर्देश दिए गए हैं। बाहर काम करने वाले कर्मियों और श्रमिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए कार्य का समय सुबह और शाम तक ही सीमित रखने की सलाह दी गई है।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी व तरल पदार्थों का सेवन करें। किसी भी आपातकालीन स्थिति में नागरिक जिला आपातकालीन केंद्र के हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।
![]()
