• Sun. May 31st, 2026

साझेदार की मौत के बाद वारिसों पर धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी का आरोप

Byआर सी

May 31, 2026

हरिद्वार (आरसी / संदीप कुमार) जनपद के रुड़की क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित रियल एस्टेट प्रोजेक्ट  को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। प्रोजेक्ट से जुड़े पार्टनर्स ने दिवंगत पार्टनर के वारिसों और उनके साथियों पर संपत्ति हड़पने, जालसाजी करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ताओं पंकज शर्मा, अमित ढींगरा और प्रदीप ढींगरा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार को दी तहरीर में बताया कि वे लंबे समय से रियल एस्टेट के क्षेत्र में कार्यरत हैं। वर्ष 2013 में उनकी मुलाकात राकेश नागपाल से हुई थी। आपसी सहमति से वर्ष 2014 और 2016 में दो ‘मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग’ निष्पादित किए गए, जिसके तहत ग्राम बढ़ेड़ी राजपूताना, रुड़की में एक टाउनशिप प्रोजेक्ट विकसित किया गया।

आरोप है कि वर्ष 2022 में राकेश नागपाल के निधन के बाद उनकी पत्नी , बेटी और बेटा करण नागपाल की नीयत बदल गई। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि राकेश नागपाल के वारिसों ने एमओयू के तथ्यों को छिपाकर चुपचाप संपत्ति का नामांतरण अपने नाम करवा लिया। इतना ही नहीं, पिछले वर्ष 30 मार्च  को एक महिला के साथ मिलकर कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर पूरी संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास किया गया।

तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसी वर्ष 6 फरवरी  को पत्नी नागपाल, बेटी नागपाल और करण नागपाल ने उमाकांत सैनी, एकलव्य सैनी, मुकेश रोड और संजय शर्मा समेत अन्य लोगों के साथ आकर प्रोजेक्ट स्थल पर जमकर हंगामा किया। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, आरोपियों ने स्टाफ के साथ गाली-गलौज की और धमकी दी कि यदि संपत्ति खाली नहीं की, तो यहीं मारकर गाड़ देंगे। इस पूरी घटना की सीसीटीवी फुटेज होने का दावा भी किया गया है।

पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों और निवेशकों के बीच इस घटना को लेकर काफी चर्चा है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights