• Sat. May 30th, 2026

कुर्बानी का वीडियो सार्वजनिक करना पड़ा महंगा कानून का शिकंजा कसते ही आरोपी ने मानी अपनी खता

Byआर सी

May 29, 2026

हरिद्वार(आरसी / संदीप कुमार) भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र में सोशल मीडिया पर एक विवादित वीडियो पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। मामला तब सामने आया जब इंस्टाग्राम पर एक जानवर की कुर्बानी का वीडियो प्रसारित हुआ, जिस पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं। इन प्रतिक्रियाओं के चलते क्षेत्र का सांप्रदायिक माहौल खराब होने की संभावना को भांपते हुए हरिद्वार पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।

मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी हरिद्वार ने तत्काल कार्रवाई के सख्त निर्देश जारी किए। इसके बाद सीओ भगवानपुर की देखरेख में थाना प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया और वायरल वीडियो के स्रोत की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने साइबर मॉनिटरिंग और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से महज एक घंटे के भीतर वीडियो अपलोड करने वाले युवक की पहचान कर ली।

पुलिस ने गांव सिकंदरपुर पहुंचकर वीडियो पोस्ट करने वाले युवक शोएब, जो पेशे से पुताई का कार्य करता है, को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान शोएब ने बताया कि 28 मई को ईद के दिन उसके घर पर पालतू भैंसे की कुर्बानी दी गई थी। युवक ने दावा किया कि यह वीडियो उसके 10 वर्षीय भाई द्वारा उसकी आईडी से अनजाने में सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया था। पुलिस ने जब मौके पर जाकर जांच की तो उन्हें घर से भैंसे के खुर बरामद हुए, जिससे युवक के दावों की पुष्टि हुई।

पुलिस ने तत्काल प्रभाव से आरोपी के अकाउंट से वीडियो को हटवा दिया है और उसके विरुद्ध विधिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। हरिद्वार पुलिस लगातार सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखे हुए है और यह स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी भी माध्यम से क्षेत्र का माहौल खराब करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights