हरिद्वार (आर सी/ संदीप कुमार)। चारधाम यात्रा के मद्देनजर हरिद्वार में देश-विदेश से आ रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उन्हें आर्थिक शोषण से बचाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देश पर आज परिवहन विभाग ने एक बड़ी और अनोखी कार्रवाई को अंजाम दिया। एआरटीओ निखिल शर्मा ने खुद एक सामान्य यात्री का रूप धारण कर विभिन्न मार्गों पर ई-रिक्शाओं में सफर किया और मनमाना किराया वसूलने व नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले चालकों को रंगे हाथ पकड़ा। इस औचक जांच के दौरान तीन ई-रिक्शाओं को तत्काल सीज कर दिया गया। प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ ई-रिक्शा चालक यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर कई गुना अधिक किराया वसूल रहे हैं। इस पर नकेल कसने के लिए एआरटीओ निखिल शर्मा खुद फील्ड में उतरे। जांच के दौरान तीन गंभीर मामले सामने आए पहला मामला (ऋषिकुल से शिवमूर्ति चौक) इस मार्ग पर सामान्य किराया लगभग 20 रुपए होना चाहिए था, लेकिन चालक ने यात्रियों से 50 रुपए वसूल लिए। नियमों के उल्लंघन और ओवरचार्जिंग पर इस ई-रिक्शा को तुरंत सीज किया गया। दूसरे मामले में (शिवमूर्ति चौक से भगत सिंह चौक) इस रूट पर जहां किराया महज 30 रूपये होना चाहिए था, वहां ई-रिक्शा चालक ने 150 रूपये की भारी-भरकम मांग कर डाली। यात्रियों के इस खुले आर्थिक शोषण पर कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया गया। और तीसरे मामले में (भगत सिंह चौक से शिवालिक नगर) इस मार्ग पर चालक न केवल निर्धारित दर से कहीं अधिक किराया वसूल रहा था, बल्कि उसने क्षमता से अधिक सवारियां भी बिठा रखी थीं। यात्रियों की जान जोखिम में डालने के आरोप में इस तीसरे ई-रिक्शा को भी मौके पर ही सीज कर दिया गया। एआरटीओ निखिल शर्मा ने शासन द्वारा निर्धारित नियमों को स्पष्ट करते हुए बताया शासन के मानकों के अनुसार, ई-रिक्शा द्वारा समस्त सवारियों से मिलाकर अधिकतम 12 रूपये प्रति किलोमीटर की दर से ही किराया लिया जा सकता है। इसके बावजूद कुछ चालक यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से कई गुना अधिक वसूली कर रहे हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि चारधाम यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मनमाना किराया वसूलने, ओवरलोडिंग करने या किसी भी प्रकार की अनियमितता पर अब परिवहन विभाग कठोर वैधानिक और दंडात्मक कार्रवाई करेगा।
आने वाले दिनों में इस अभियान को और तेज करने के लिए जनपद के सभी परिवहन और प्रवर्तन अधिकारियों का एक विशेष रोस्टर तैयार किया जा रहा है। इसके तहत अलग-अलग इलाकों में नियमित रूप से इसी तरह के औचक निरीक्षण और गुप्त जांच अभियान चलाए जाएंगे। परिवहन विभाग ने आम नागरिकों और चारधाम पर आए श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि कोई भी ई-रिक्शा चालक निर्धारित किराए से अधिक पैसे मांगता है या वाहन में ओवरलोडिंग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत परिवहन विभाग को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। इस अचानक और कड़क कार्रवाई से हरिद्वार के ई-रिक्शा संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि सड़क सुरक्षा और यात्रियों के हितों से खिलवाड़ करने वालों पर आगे भी इसी तरह का हंटर चलता रहेगा।
![]()
