हरिद्वार (आरसी / संदीप कुमार)के मायापुर क्षेत्र में आज एक विशालकाय पेड़ के मुख्य मार्ग पर गिर जाने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रोजेक्ट कॉलोनी, तुलसी चौक के पास हुए इस हादसे ने राहगीरों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी, क्योंकि पेड़ के सड़क पर गिरने से रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही मायापुर अग्निशमन एवं आपात सेवा केंद्र की टीम अपने उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। फायर यूनिट के जांबाज कर्मचारियों, जिनमें ड्राइवर विपिन तोमर, फायरमैन मातबर सिंह और फायरमैन संदीप जोशी शामिल थे, ने मौके पर पहुँचकर त्वरित कार्रवाई शुरू की। टीम ने वुडन कटर की मदद से विशालकाय पेड़ को टुकड़ों में काटकर हटाना शुरू किया।
राहत-बचाव कार्य के दौरान फायरकर्मियों ने एक स्कूटी को पेड़ की टहनियों के नीचे फंसा हुआ पाया। टीम ने बेहद सावधानी बरतते हुए स्कूटी को सकुशल बाहर निकाला और उसके मालिक को सौंप दिया, जिसे देखकर मालिक ने राहत की सांस ली। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने पेड़ के मलबे को पूरी तरह हटाकर यातायात को पुनः सुचारु कर दिया। मिशन पूरा होने के बाद फायर यूनिट वापस स्टेशन लौट आई। स्थानीय लोगों ने विभाग के इन कर्मचारियों की तत्परता और साहस की जमकर सराहना की है।
![]()
