बहादराबाद (आरसी/संदीप कुमार) बहादराबाद में हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पतंजलि योगपीठ के पास स्थित महिंद्रा शोरूम के पास सड़क पर हो रही अवैध पार्किंग राहगीरों और कांवड़ियों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। निर्माणाधीन हाईवे पर चल रहे इस अतिक्रमण के कारण आम जनता का चलना दूभर हो गया है।

वर्तमान में पवित्र सावन का महीना चल रहा है, जिसके चलते हाईवे पर कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। भारी संख्या में आ रहे कांवड़ियों के कारण मार्ग पर पहले से ही यातायात का भारी दबाव है। ऐसे में, महिंद्रा शोरूम के सामने सड़क किनारे और हाईवे की पटरियों पर खड़ी होने वाली बेतरतीब बाइक और कारों ने स्थिति को और अधिक विकट बना दिया है।
यह अवैध पार्किंग दिन के उजाले में खुलेआम सबके सामने संचालित हो रही है। शोरूम के सामने वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है। इसके चलते पैदल चलने वाले राहगीरों और यात्रियों को मजबूरी में बीच सड़क पर चलना पड़ रहा है, जिससे हर समय बड़े सड़क हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों और राहगीरों का आरोप है कि सब कुछ सामने होने के बावजूद स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। व्यस्त हाईवे पर इस तरह की लापरवाही कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस अवैध पार्किंग पर लगाम कसने से बच रहा है। क्षेत्रवासियों और यात्रियों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर इस अवैध पार्किंग को तुरंत हटवाने की मांग की है।
![]()
