• Thu. Oct 8th, 2026

हरिद्वार में रियल एस्टेट धोखाधड़ी का मामला, पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया

हरिद्वार (आर सी / संदीप कुमार) थाना क्षेत्र बहादराबाद में रियल  एस्टेट  धोखाधड़ी का एक और मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति ने प्लॉट के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। आशीष चौहान नामक एक पीड़ित ने अपनी शिकायत में एक प्रॉपर्टी डीलर और उनकी कंपनी  पर कुल 3,21,000 रुपये हड़पने का आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता आशीष चौहान ने दावा किया है कि प्रापर्टी डीलर ने उन्हें हरिद्वार के शांतशाह गांव में अपनी एक आवासीय परियोजना में प्लॉट खरीदने का लालच दिया। डीलर ने इस परियोजना को सभी सरकारी मंजूरियों (HRDA/RERA) से अप्रूव्ड बताया था और आकर्षक सुविधाओं का वादा किया था।

शिकायत के अनुसार, प्रॉपर्टी डीलर और उनके सहयोगियों ने हरिद्वार के नामी होटल में कई मीटिंग आयोजित कीं, जिसमें प्रिंटेड ब्रोशर और वीडियो दिखाकर लोगों का विश्वास जीता गया। आशीष चौहान ने दो अलग-अलग प्लॉटों के लिए नकद और ऑनलाइन लेनदेन के माध्यम से पैसे का भुगतान किया। हालांकि, बाद में उन्हें पता चला कि जिस जमीन पर प्लॉट दिखाने का दावा किया गया था, वह वास्तव में प्रॉपर्टी डीलर की थी ही नहीं।

जब आशीष चौहान ने अपने पैसे वापस मांगे, तो कथित तौर पर प्रापर्टी डीलर ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित ने इस मामले की शिकायत रानीपुर पुलिस स्टेशन और एसएसपी हरिद्वार के शिकायत प्रकोष्ठ में की, लेकिन उनका कहना है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मजबूर होकर, आशीष चौहान ने अब न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है और एसीजेएम अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल कर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच करने की मांग की है।

इस घटना ने हरिद्वार में रियल एस्टेट क्षेत्र में होने वाली धोखाधड़ी की बढ़ती घटनाओं पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि वह ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई करे ताकि आम जनता को धोखेबाजों से बचाया जा सके।

Loading

By आर सी

ख़बर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें 8171837509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights