हरिद्वार (आरसी / संदीप कुमार) उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार अंतर्गत ग्राम भारापुर भौंरी निवासी युवा कलाकार आशु सहगल संगीत की दुनिया में देवभूमि का मान बढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। आशु ने संगीत जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने की दिशा में अपना पहला बड़ा कदम उठाते हुए “अरे झुमका बाली रे” गीत रिकॉर्ड किया है, जो जल्द ही मून मूवीज़ के यूट्यूब चैनल पर रिलीज़ होने जा रहा है। इस गीत की रिकॉर्डिंग मुंबई के सुप्रसिद्ध प्रिया सरेंगा स्टूडियो में संपन्न हुई है, जिसे विख्यात संगीतकार एस.पी. सेन ने स्वयं लिखा है और इसके निर्माता सोमपाल सहगल हैं।

खबर अलर्ट से विशेष बातचीत के दौरान आशु सहगल ने अपनी संगीत यात्रा के बारे में बताया कि उन्होंने मीनू पण्डित से संगीत की प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में अपनी कला को और अधिक निखारने के लिए वह करुणा चौहान से संगीत की बारीकियों के गुर सीख रही हैं। वर्तमान में धनौरी स्थित एक कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रहे आशु इससे पूर्व फिल्म ‘मन से मन तक’ का शीर्षक गीत (टाइटल ट्रैक) भी गा चुके हैं। अपनी इस सफलता और संगीत के प्रति जुनून का पूरा श्रेय वह अपने पिता को देते हैं, जिन्होंने उन्हें हर कदम पर प्रोत्साहित किया है।

संगीतकार एस.पी. सेन ने आशु की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि उनकी आवाज़ में एक अलग ही मौलिकता है और यह गाना बहुत ही शानदार तरीके से रिकॉर्ड हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगीत जगत को जल्द ही एक नया चमकता सितारा मिलने जा रहा है। मोहम्मद रफी, किशोर कुमार, उदित नारायण, कुमार सानू और अरिजीत सिंह जैसे दिग्गज गायकों को अपना आदर्श मानने वाले आशु सहगल अब अपनी इस नई प्रस्तुति के साथ दर्शकों के बीच आने को बेताब हैं।
![]()
