बहादराबाद (आरसी / संदीप कुमार) हरिद्वार के ग्राम शान्तरशाह में बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पतंजलि के समीप स्थित स्टार लाइट फैक्ट्री के पास सीक्यूर सर्जिकल कॉटन फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। घटना की जानकारी सुबह करीब 9 बजे सूचना पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल सक्रिय हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री के पास लगे ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट होने के कारण चिंगारियां उठीं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मौके की गंभीरता को देखते हुए मायापुर फायर स्टेशन से दो और बहादराबाद स्टेशन से एक दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुँचे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी हरिद्वार, वंश बहादुर यादव के निर्देशन में बहादराबाद के अग्निशमन प्रभारी राम शर्मा और मायापुर के अग्निशमन अधिकारी बीरबल सिंह ने अपनी टीमों के साथ मोर्चा संभाला। दमकल कर्मियों ने बहादराबाद पुलिस की सहायता से घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पा लिया।

इस दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और आग पर काबू पाए रखने के लिए थाना बहादराबाद प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह, शान्तरशाह चौकी प्रभारी उमेश लोधी, उपनिरीक्षक करम सिंह चौहान और सिपाही अंकित सहित पुलिस टीम मौके पर मुस्तैद रही। गनीमत रही कि आग की इस भीषण घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
![]()
