हरिद्वार (आरसी / संदीप कुमार) बैरागी कैंप स्थित नगर वन में आज ‘सेवा पर्व 2025’ के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान आने वाली पीढ़ियों को हरा-भरा पर्यावरण और एक सुरक्षित भविष्य देने के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हम आज जितना अधिक पौधारोपण करेंगे, भविष्य में पर्यावरण उतना ही स्वच्छ और सुरक्षित रहेगा। उन्होंने सभी से पर्यावरण के संरक्षण के लिए पौधरोपण करने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ नीम, बरगद, आम, और पीपल जैसे विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए।
इस अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुए सांसद रावत ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन से शुरू हुए ‘सेवा पखवाड़े’ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पखवाड़े के तहत देशभर में स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनसेवा से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
सांसद ने एक नए अभियान ‘जीएसटी-टू’ की शुरुआत का भी जिक्र किया, जिसे देश को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि इसमें उपभोक्ताओं और उत्पादकों के लिए कई तरह की रियायतें दी गई हैं, जिससे आम आदमी से लेकर खास आदमी तक सभी को फायदा होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के राष्ट्र के नाम संबोधन का हवाला देते हुए स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल और ब्रांड विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हमें अपने घरेलू उत्पादों को वैश्विक स्तर पर ले जाने के लिए उस मानक तक पहुंचना होगा।
इस कार्यक्रम में सीएफ शिवालिक सर्किल राजीव धीमान, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, प्रदेश मीडिया संयोजक विकास तिवारी, जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष आशु चौधरी, लव शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, एसडीओ पूनम कैंथोला, रेंजर शैलेंद्र सिंह नेगी सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
![]()
