• Sun. Oct 25th, 2026

उत्तराखंड सरकार की पहल: ‘सरकार चली गरीब के द्वार’ अभियान का आगाज़

Byआर सी

Sep 29, 2025

देहरादून (आरसी /संदीप कुमार) उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी जी ने सोमवार से अगले वर्ष की 31 जनवरी तक  राज्य के गरीब और वंचित वर्ग के उत्थान और उन्हें सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सरकार चली गरीब के द्वार’ कार्यक्रम के तहत डॉ. भीमराव अम्बेडकर समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविर अभियान की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने देहरादून स्थित अपने कैम्प कार्यालय से इस अभियान के लिए दो प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान आगामी वर्ष की 31 जनवरी तक चलेगा, जिसके अंतर्गत गांव स्तर पर कुल 240 शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में गांव, न्याय पंचायत, ब्लॉक एवं तहसील स्तर की समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाएगा, जबकि जिला स्तरीय समस्याओं को निस्तारण हेतु जिला अधिकारी को प्रेषित किया जाएगा।

हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध सरकार: मुख्यमंत्री धामी

इस अवसर पर अपने संबोधन में माननीय मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि गरीब और वंचित वर्ग को विकास की दौड़ में शामिल करने के लिए उनको आगे बढ़ाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और लाभार्थियों तक उनका अधिकार पहुंचाने के लिए ‘सरकार चली गरीब के द्वार’ कार्यक्रम शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग को इस कार्यक्रम के क्रियान्वयन का दायित्व सौंपा गया है। मुख्यमंत्री ने अभियान की सफलता की कामना की।

पर्यवेक्षक देशराज कर्णवाल ने जताया आभार

कार्यक्रम के पर्यवेक्षक के रूप में कार्यरत  देशराज कर्णवाल, उपाध्यक्ष समाज कल्याण योजनाएं एवं अनुश्रवण समिति और पूर्व विधायक भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष, ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि माननीय मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी द्वारा उन पर जताए गए विश्वास पर वे पूरी तरह खरे उतरने का प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर प्रमुख राष्ट्रीय रविदासीय धर्म प्रचारक  संदीप खत्री, प्रणव सिंह चैंपियन पूर्व विधायक,  वैजयंती माला, शोभा राम प्रजापति राज्यमंत्री, अनीश गौड़ प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा अरविंद गौतम, पूर्व जिला महामंत्री अफ़जाल अली, मंडलाध्यक्ष रीता सैनी, भूपेंद्र सैनी, विराट गोयल, संदीप रघुवंशी, नकुल, ब्लॉक प्रमुख कविंद्र चौधरी, मनीष चौधरी, बालम सिंह नेगी, अनीस अहमद सदस्य जिला पंचायत, सदाकत प्रधान, बब्लू प्रधान, युसुफ मलिक सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Loading

By आर सी

ख़बर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें 8171837509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights