• Sun. Feb 22nd, 2026

मूलदासपुर में श्रद्धापूर्वक मनाई गई माता सावित्रीबाई फुले की जयंती, शिक्षा और नशामुक्ति का दिया संदेश

Byआर सी

Jan 5, 2026

बहादराबाद (आरसी/संदीप कुमार) उत्तराखंड के ग्राम मूलदासपुर में शिक्षा की देवी माता सावित्रीबाई फुले की जयंती सर्व समाज द्वारा अत्यंत गौरवमय ढंग से मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान भीम कोचिंग के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर महापुरुषों की विचारधारा और शिक्षा के महत्व का जोरदार प्रचार-प्रसार किया। इस अवसर पर अनुकृति, आराध्या, कृतिका और अपूर्वा द्वारा दी गई प्रस्तुतियों को ग्रामीणों ने खूब सराहा। वक्ताओं ने माता सावित्रीबाई फुले के जीवन संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए समाज के हर वर्ग से शिक्षित बनने की अपील की।

शिक्षा के क्षेत्र में बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम में लॉर्ड बुद्धा एजुकेशन सोसाइटी की ओर से आयोजित की जा रही प्रतियोगिता परीक्षा-2026 के फॉर्म वितरित किए गए। सोसाइटी के अध्यक्ष मांगेराम धारीवाल ने युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। साथ ही, नशा विरोधी नारी शक्ति संगठन से जुड़ी महिलाओं ने गांव को ‘नशामुक्त आदर्श गांव’ बनाने का संकल्प लिया। महिलाओं ने नशा मुक्ति अभियान के पोस्टर लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया और समाज की जड़ों को खोखला कर रहे नशे के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रोमा सैनी उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम का संचालन सैनी महापंचायत के अध्यक्ष अंकित सैनी द्वारा किया गया। आयोजन में लॉर्ड बुद्धा सोसाइटी के अध्यक्ष मांगेराम धारीवाल,  सहदेव, मान सिंह, हरिता प्रधान, बबीता धारीवाल, सुनीता, उप प्रधान संदीप सैनी और अरुण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने और गांव के विकास में सहयोग करने की शपथ ली।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights