• Sat. Feb 21st, 2026

हरिद्वार: महंत हत्याकांड की जांच के लिए SIT गठित, एसएसपी ने एसपी देहात को सौंपी कमान

Byआर सी

Feb 21, 2026

भगवानपुर (आर सी/संदीप कुमार): जनपद के भगवानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम टकाबरी स्थित रविदास मंदिर के महंत की गुमशुदगी और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रकरण की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने एक विशेष जांच दल (SIT) के गठन के आदेश जारी किए हैं। यह टीम मामले के हर अनसुलझे पहलू और साजिश की गहराई से जांच करेगी।

यह पूरी जांच एसपी देहात शेखर चंद सुयाल के नेतृत्व में संचालित की जाएगी। इस विशेष दल में पुलिस के अनुभवी अधिकारियों और कर्मचारियों को शामिल किया गया है, जिनमें सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी के साथ-साथ निरीक्षक राजीव रौथांण, उप निरीक्षक नीरज रावत, उप निरीक्षक बालाराम जोशी, आरक्षी संजय पंवार और आरक्षी उवैदुल्ला को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उल्लेखनीय है कि टकाबरी स्थित रविदास आश्रम के महंत के लापता होने के बाद उनकी गुमशुदगी दर्ज की गई थी। पुलिस की सघन जांच में महंत का शव बरामद होने के बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया, जिसके बाद पुलिस ने हत्या से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इस प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक दंपति समेत तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।

एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, गठित एसआईटी अब इस हत्याकांड से जुड़े तमाम साक्ष्यों, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और अन्य संदिग्ध कड़ियों को जोड़ते हुए विस्तृत जांच करेगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाना और यह सुनिश्चित करना है कि अपराधियों को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा मिले।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights