देहरादून(आर सी/संदीप कुमार) राजधानी के बलुपुर स्थित उत्तराखंड जल विद्युत लिमिटेड (उज्जवल भवन) के सभागार में शनिवार को ‘इंस्टिट्यूट फॉर सोशल रिफॉर्म्स एंड हायर एजुकेशन’ (नीति आयोग दर्पण, MHRD) द्वारा एक गरिमामयी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में कैंट विधायक श्रीमती सविता कपूर ने शिरकत की। समारोह के दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं प्रशंसनीय कार्य करने वाले लगभग 60 व्यक्तित्वों को मंच से सम्मानित किया गया।

इस प्रतिष्ठित समारोह में जनपद उत्तरकाशी के डॉ. चंद्र लाल भारती को उनके सामाजिक कार्यों और मानवाधिकारों के संरक्षण के प्रति अटूट समर्पण के लिए ‘ह्यूमन राइट्स एंड दलित अपलिफ्टमेंट लीडरशिप’ राष्ट्रीय अवार्ड 2026 से नवाजा गया। डॉ. भारती वर्तमान में ‘ह्यूमन राइट्स ऑफ यूनाइटेड नेशन’ के सक्रिय सदस्य के रूप में कार्यरत हैं और लंबे समय से दलित उत्थान व मानवाधिकारों के लिए जमीनी स्तर पर संघर्ष कर रहे हैं। समाज के प्रति उनकी सेवाओं को देखते हुए उन्हें ‘भारत राष्ट्रीय श्री रत्न पुरस्कार 2026’ से भी सम्मानित किया गया है।
डॉ. भारती को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान से उनके गृह जनपद उत्तरकाशी सहित संपूर्ण क्षेत्र में खुशी की लहर है। उल्लेखनीय है कि नीति आयोग में पंजीकृत यह चैरिटेबल ट्रस्ट प्रतिवर्ष देश भर से चुनिंदा प्रतिभाओं का चयन करता है जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में समाज के लिए मिसाल पेश की हो। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. भारती ने अपने संबोधन में कहा कि पुरस्कार केवल सम्मान नहीं होता, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को और अधिक बढ़ा देता है। उनकी इस गौरवशाली उपलब्धि पर प्रदेश के तमाम गणमान्य व्यक्तियों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है।

![]()
