• Thu. Oct 15th, 2026

भारत विभूषण सम्मान 2026′ से नवाज़े जाएंगे सफ़ीर-ए-ख़िदमत डॉ. चंद्र लाल भारती

Byआर सी

Mar 22, 2026

देहरादून (आरसी/संदीप कुमार) सामाजिक कार्य एवं मानवाधिकार के क्षेत्र में अपने अद्वितीय और उत्कृष्ट योगदान के लिए विख्यात डॉ. चंद्र लाल भारती को प्रतिष्ठित “भारत विभूषण सम्मान 2026” से नवाजा जाएगा। यह सम्मान उन्हें सामाजिक सेवा, दलित उत्थान और मानवाधिकार जागरूकता के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए ‘इंडियन सोसाइटी फॉर रिसर्च एंड हायर एजुकेशन’ (ISRHE) द्वारा प्रदान किया जा रहा है। मूल रूप से उत्तरकाशी जनपद के ग्राम ब्यांली (बनाल) के निवासी डॉ. भारती वर्तमान में देहरादून के कुंआवाला में रहते हैं और लोक निर्माण विभाग हरिद्वार में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं।

यह भव्य सम्मान समारोह आगामी 28 अप्रैल 2026 को पंजाब विधानसभा परिसर, चंडीगढ़ में आयोजित किया जाएगा, जिसमें पंजाब विधानसभा के माननीय अध्यक्ष सरदार कुलतार सिंह संधवां मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। डॉ. भारती लंबे समय से समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने और मानवाधिकारों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के मिशन में जुटे हुए हैं। विशेष रूप से विभिन्न सामाजिक अभियानों, जागरूकता कार्यक्रमों और जनहित कार्यों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने के साथ-साथ निर्धन बच्चों को उच्च शिक्षा के अवसर प्रदान करने की दिशा में उनके प्रयास सराहनीय रहे हैं। उनके इसी जज्बे के कारण उन्हें पूर्व में भी देश-विदेश के दर्जनों पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।

ISRHE के अध्यक्ष डॉ. अतुल कुमार शर्मा एवं सचिव डॉ. रेशु गुप्ता ने अपने साझा संदेश में डॉ. भारती के योगदान को संपूर्ण समाज के लिए प्रेरणादायक बताया और कहा कि उन्हें यह सम्मान उनके उत्कृष्ट कार्यों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए प्रदान किया जा रहा है। इस गौरवशाली उपलब्धि पर उत्तराखंड के विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध जनों और क्षेत्रीय नागरिकों ने अत्यधिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. भारती को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की है।

 

 

Loading

By आर सी

ख़बर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें 8171837509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights