• Thu. Oct 1st, 2026

अदालत-ए-आलिया के साथ दगाबाज़ी: हरिद्वार में चार ‘पेशेवर ज़मानती’ धरे गए, कानून के साथ ‘मक्र-ओ-फरेब’ पड़ा महंगा

सिडकुल (आरसी / संदीप कुमार) हरिद्वार पुलिस ने कानून के साथ छल करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार करते हुए जिला एवं सत्र न्यायालय रोशनाबाद में बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को थाना सिडकुल क्षेत्र के अंतर्गत सीजेएम कोर्ट में सुनवाई के दौरान चार ऐसे पेशेवर जमानतियों को पकड़ा गया, जो पैसे लेकर आरोपियों की जमानत कराने पहुंचे थे। सरकार बनाम रोशन लाल प्रकरण में अभियुक्तों की ओर से उज्ज्वल सिंह, नरेश प्रताप बहुगुणा, नरेश और कमलेश ने न्यायालय के समक्ष जमानत के दस्तावेज पेश किए थे।

सुनवाई के दौरान जब न्यायालय ने कंप्यूटर रिकॉर्ड और शपथ पत्रों की गहनता से जांच की, तो एक चौंकाने वाला सच सामने आया। ये सभी व्यक्ति पेशेवर जमानती निकले, जिन्होंने पहले भी कई अलग-अलग मामलों में जमानत ली थी, लेकिन अपने ताजा शपथ पत्र में इस जानकारी को पूरी तरह छिपा लिया। न्यायालय को गुमराह करने और झूठा शपथ पत्र पेश करने को गंभीर अपराध मानते हुए एसीजेएम कोर्ट के आदेश पर थाना सिडकुल में इन सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इस कार्रवाई ने उन लोगों को कड़ा संदेश दिया है जो न्यायिक प्रक्रिया में सेंध लगाकर फर्जीवाड़े के जरिए अपराधियों को बाहर निकालने का काम करते हैं। अब दूसरों को सलाखों से बाहर लाने का दावा करने वाले ये फर्जी जमानती खुद जेल जाने की तैयारी में हैं और पुलिस इनके खिलाफ विधिक कार्यवाही को आगे बढ़ा रही है।

Loading

By आर सी /संदीप कुमार

ख़बर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें 8171837509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights