
बहादराबाद (आरसी/संदीप कुमार):राजकीय महाविद्यालय मरगूबपुर में बी.ए. के परीक्षा परिणाम में त्रुटि को लेकर चल रहा विवाद अब उग्र रूप धारण कर चुका है। शनिवार को छात्र संघ अध्यक्ष अब्दुल्ला और छात्र नेता लुकमान के नेतृत्व में आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में जोरदार हंगामा करते हुए श्री देव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति और परीक्षा नियंत्रक का पुतला दहन किया। हैरान करने वाली बात यह रही कि महाविद्यालय में इतने बड़े पैमाने पर प्रदर्शन और पुतला दहन के बावजूद स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके से पूरी तरह नदारद रहा। पुलिस की अनुपस्थिति के कारण छात्रों का गुस्सा और भड़क गया, जिससे परिसर में घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
छात्र नेता लुकमान और अब्दुल्ला ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि परीक्षा परिणामों में भारी लापरवाही बरती गई है। कई छात्र जो परीक्षा में उपस्थित थे, उन्हें ‘अनुपस्थित’ दिखा दिया गया है और कई को जानबूझकर शून्य अंक दिए गए हैं। छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय केवल आश्वासनों का खेल खेल रहा है और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे महासंघ के पदाधिकारियों के साथ मिलकर प्रदेश व्यापी आंदोलन करेंगे और भूख हड़ताल पर बैठने को विवश होंगे।
महाविद्यालय की प्राचार्य रीता सचान ने इस पूरे प्रकरण पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, “महाविद्यालय प्रशासन छात्रों के साथ खड़ा है। हमने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लिया है और जल्द से जल्द सभी प्रभावित विद्यार्थियों का डेटा एकत्रित कर विश्वविद्यालय को भेजा जा रहा है। हमारा प्रयास है कि किसी भी छात्र का साल बर्बाद न हो और त्रुटियों में जल्द सुधार किया जाए।”
पुतला दहन के दौरान विश्वविद्यालय प्रतिनिधि मोहम्मद उमर, छात्र संघ उपाध्यक्ष अब्दुल वासिफ और छात्र नेता शाहवेज सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन के न पहुंचने पर छात्रों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि एक तरफ छात्र अपने भविष्य के लिए सड़कों पर हैं। वहीं दूसरी तरफ स्थानीय प्रशासन और उससे संबंधित इकाई इस गंभीर स्थिति से बेखबर बना हुआ है। अंत में प्राचार्य के आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए, लेकिन उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि सुधार न होने पर आंदोलन की अगली चिंगारी सीधे विश्वविद्यालय मुख्यालय तक पहुँचेगी।
![]()
