हरिद्वार (आरसी / संदीप कुमार) हरिद्वार के थाना श्यामपुर क्षेत्र के अंतर्गत रसियाबड़ हाईवे पर मंगलवार की शाम एक भीषण सड़क हादसा घटित हुआ, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शाम करीब आठ बजे डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक प्राइवेट बस और रोडवेज बस के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई है। सूचना प्राप्त होते ही थानाध्यक्ष श्यामपुर पुलिस बल के साथ और क्षेत्राधिकारी नगर तत्काल मौके पर पहुँचे और राहत कार्य शुरू किया।
दुर्घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि देहरादून से एक बारात विदा होकर वापस नागल सोती, बिजनौर जा रही थी, तभी सामने से आ रही बिजनौर-हरिद्वार डिपो की रोडवेज बस से उसकी सीधी टक्कर हो गई। इस टक्कर में बारात की बस में सवार लगभग 10 से 15 यात्री घायल हो गए। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब दो यात्री बस के क्षतिग्रस्त हिस्से में बुरी तरह फंस गए। पुलिस टीम ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे इन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और सभी घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया।
हादसे में घायल हुए व्यक्तियों की पहचान मुख्य रूप से अनीश (60 वर्ष), मुराद अली, सुहैल और नईम के रूप में हुई है, जो ग्राम नागल सोती, बिजनौर के निवासी हैं। इनके साथ ही शहजादपुर निवासी नाजिर शाह (55 वर्ष) भी घायल हुए हैं। राहत की बात यह रही कि इस भीषण टक्कर के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई है। पुलिस द्वारा सभी घायलों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और घायलों का उचित उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।
हादसे के बाद सड़क पर लगे जाम को खुलवाने के लिए पुलिस ने दोनों बसों को क्रेन की सहायता से सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा करवाया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था पुनः सुचारू रूप से संचालित हो सकी। पुलिस के अनुसार मौके पर वर्तमान में कानून व्यवस्था संबंधी कोई समस्या नहीं है और अन्य यात्रियों को वैकल्पिक बसों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गयाहै।
![]()
