• Thu. Apr 9th, 2026

चर्चा: शांतरशाह मार्ग पर अवैध अहातो का संचालन, दुकानों में सज रही जाम की महफिल, राहगीरों का निकलना हुआ दूभर

Byआर सी

Apr 9, 2026

बहादराबाद (आरसी संदीप कुमार) थाना बहादराबाद क्षेत्र के अंतर्गत शांतरशाह से हाईवे को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर इन दिनों आबकारी नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। देशी शराब के ठेके के पास स्थित चार-पांच दुकानों ने प्रशासन की अनुमति के बिना ही अवैध अहातों का रूप ले लिया है। क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि सुबह ठेका खुलते ही यहाँ शराबियों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है, जो देर रात तक बदस्तूर जारी रहता है। शराब के शौकीन पास के ठेके से शराब खरीदते हैं और सीधे इन दुकानों में जाकर बैठ जाते हैं, जहाँ दुकानदार उन्हें टेबल, गिलास और चखना परोसकर अवैध रूप से शराब पीने की पूरी सुविधा उपलब्ध करा रहे हैं।

हैरत की बात यह है कि इन दुकानों पर शराब खत्म होने के बाद अतिरिक्त चार्ज लेकर नई बोतलें भी उपलब्ध कराई जाती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खाने की दुनको पर शराब परोसने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी राहगीरों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है, क्योंकि नशे में धुत शराबी अक्सर आते-जाते लोगों पर छींटाकशी करते नजर आते हैं।

ग्रामीणों ने इस पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इन दुकानों के आसपास का माहौल इतना दूषित हो चुका है कि बच्चों और महिलाओं का वहां से गुजरना मुश्किल हो गया है। गांव के बच्चों पर इसका बहुत बुरा मानसिक असर पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि प्रशासन की नाक के नीचे बिना किसी अनुमति के यह तमाशा चल रहा हैं। लेकिन अभी तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने स्पष्ट संदेश दिया हैं। इन अवैध अड्डों पर तत्काल छापेमारी कर सख्त कदम उठाए जाए ।  वरना सीएम हेल्पलाइन पर जल्द ही शिकायत कि जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights