हरिद्वार (आर सी/ संदीप कुमार)। ज्वालापुर कोतवाली में चार दिन पूर्व हुई हिस्ट्रीशीटरों की परेड का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। पुलिस प्रशासन द्वारा दी गई सख्त चेतावनी के बाद अपराधियों में खौफ का माहौल है। इसी बीच चर्चा का विषय बना हुआ है एक ऐसा हिस्ट्रीशीटर, जो अब तक सत्ताधारी रसूखदारों के संरक्षण में अपनी उछल-कूद मचा रहा था, लेकिन अब वह खुद को बचाने के लिए थानों और चौकियों की गणेश परिक्रमा करने को मजबूर है। सूत्रों के मुताबिक, उक्त हिस्ट्रीशीटर का नाम पूर्व में भी दो से तीन थानों के विवादों में आ चुका है। हिस्ट्रीशीट खुलने के बावजूद इस अपराधी की सक्रियता कम नहीं हुई थी। बताया जा रहा है कि राजनीतिक गलियारों में पकड़ होने के कारण यह अब तक पुलिस की सीधी कार्रवाई से बचता आ रहा था। लेकिन परेड के दौरान पुलिस के सख्त तेवरों ने इसके होश उड़ा दिए हैं।
हैरानी की बात यह है कि यह हिस्ट्रीशीटर केवल एक ही क्षेत्र तक सीमित नहीं है। जनपद के दो से तीन थानो में इसके खिलाफ शिकायते जा चुकी है। परेड के बाद से इसे लगातार विभिन्न चौकियों और थानों के आसपास संदिग्ध रूप से घूमते देखा जा रहा है। ज्वालापुर कोतवाली में हुई परेड में स्पष्ट कर दिया गया था कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे उसे किसी का भी संरक्षण प्राप्त हो। इसी कड़ी में पुलिस अब ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है जो कानून की गिरफ्त से बचने के लिए सत्ता का चोला ओढ़ने का प्रयास कर रहे हैं।
![]()
