• Fri. Oct 16th, 2026

बाबा साहेब के आदर्शों से ही संभव है सामाजिक परिवर्तन: डॉ. अशोक शास्त्री

Byआर सी

Apr 12, 2026

कनखल (आरसी/संदीप कुमार) सती कुंड स्थित महिला महाविद्यालय पीजी कॉलेज में डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती के पावन अवसर पर एक विशेष वैचारिक संगोष्ठी और प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रगत भारत संस्था  के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘बाबा साहेब के जीवन दर्शन’ रहा, जिसमें महाविद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और उनके सिद्धांतों पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रगत भारत संस्था के अध्यक्ष सुदीप बनर्जी ने की, जबकि डॉ. अशोक शास्त्री और कॉलेज की निदेशक डॉ. अल्पना शर्मा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। प्रतियोगिता के परिणामों में राजनीति विज्ञान विभाग की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कु. पलक धीमान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं कु. रंजना ने द्वितीय और कु. नोरिश ने तृतीय स्थान हासिल किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि डॉ. अशोक शास्त्री ने शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

अपने संबोधन के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. अशोक शास्त्री ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर का जीवन दर्शन आधुनिक युवाओं के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने छात्राओं पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जिसके जरिए वे समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं। इसी क्रम में संस्था के सचिव डॉ. कमलेश कांडपाल ने कहा कि बाबा साहेब का संघर्षपूर्ण जीवन और शिक्षा के प्रति अटूट समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणापुंज है। उन्होंने छात्राओं से उनके आदर्शों को आत्मसात कर न्यायपूर्ण समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

राजनीति विज्ञान विभाग की अध्यक्ष अनुराधा पांडे के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका डॉ. शशि प्रभा तोमर, डॉ. शैलजा, डॉ. राखी सिंह, गरिमा जैन, मोनिका शर्मा और डॉ. रिंकू बत्रानी ने निभाई। इस गरिमामयी अवसर पर एडवोकेट रूपचंद आजाद, जितेंद्र कुमार धर्मराज, रामधन सिंह और उदय राम जी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन जितेंद्र धर्मराज द्वारा किया गया और अंत में विभागाध्यक्ष अनुराधा पांडे ने महाविद्यालय परिवार एवं संस्था की ओर से सभी का आभार व्यक्त किया।

Loading

By आर सी

ख़बर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें 8171837509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights