हरिद्वार(आरसी/संदीप कुमार) उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत हरिद्वार पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध निर्णायक अभियान छेड़ दिया है। एसएसपी नवनीत सिंह की अगुवाई में जनपद पुलिस ने पिछले एक महीने के भीतर ताबड़तोड़ कार्यवाही करते हुए आपराधिक तत्वों के भीतर भय का माहौल पैदा कर दिया है। आज आयोजित एक पत्रकार वार्ता में एसएसपी नवनीत सिंह ने 03 अप्रैल से 03 मई 2026 तक के आंकड़े सार्वजनिक करते हुए पुलिस की उपलब्धियों का ब्यौरा साझा किया।
एसएसपी ने बताया कि पिछले एक माह के भीतर पुलिस ने कुल 771 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 96 वांछित, 26 इनामी और 431 वारंटी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए 101 गुंडा तत्वों, 24 हिस्ट्रीशीटरों और शांति व्यवस्था में खलल डालने वाले 843 लोगों के खिलाफ सख्त गिरफ्तारी व चालानी कार्यवाही अमल में लाई गई है। अपराधियों की धरपकड़ के साथ-साथ पुलिस का विशेष जोर संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन पर भी रहा।
जनपद में बिना सत्यापन के रह रहे लोगों की पड़ताल करते हुए पुलिस ने 15,666 लोगों का सत्यापन किया। इस दौरान लापरवाही बरतने वाले मकान मालिकों और किराएदारों पर भी कानूनी डंडा चला, जिसके तहत पुलिस एक्ट में 4,006 और बीएनएसएस में 394 चालान किए गए। इसी कड़ी में एक अवैध विदेशी नागरिक के विरुद्ध भी कार्यवाही की गई है। देर रात होने वाली आपराधिक वारदातों को रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने 3,543 होटलों, पबों और ढाबों की चेकिंग की, जिसमें भारी अनियमितता पाए जाने पर 96 इकाइयों को पूरी तरह बंद करवा दिया गया और 84 मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
सड़क सुरक्षा के मोर्चे पर भी पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ 2,543 चालान काटते हुए 452 वाहनों को सीज किया गया। इस सघन अभियान के दौरान पुलिस ने 25 अवैध शस्त्र भी बरामद किए हैं। एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट किया कि जनपद में ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभी निरंतर जारी रहेगा ताकि आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें और अपराधियों के हौसले पस्त रहें।
![]()
