• Thu. Oct 1st, 2026

30 मई तक राशन कार्ड की ई-केवाईसी कराना अनिवार्य, वरना बंद हो सकती है राशन की सुविधा

हरिद्वार (आरसी /संदीप कुमार)जनपद के राशन कार्ड धारकों के लिए जिला पूर्ति विभाग ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना और राज्य खाद्य योजना के सभी कार्ड धारकों व यूनिटों की ई-केवाईसी कराना बेहद जरूरी है। शासन के निर्देशों के क्रम में यह प्रक्रिया वर्तमान में उचित दर विक्रेताओं के माध्यम से संचालित की जा रही है, जिसे आगामी 30 मई 2026 तक हर हाल में पूरा करना अनिवार्य है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत अब तक केवल 71 प्रतिशत ई-केवाईसी ही पूरी हो पाई है। बाकी बचे हुए लाभार्थियों को समय पर प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने जनता की सुविधा के लिए एक विशेष जानकारी साझा की है कि अब कार्ड धारक घर बैठे भी अपनी ई-केवाईसी कर सकते हैं। भारत सरकार द्वारा इसके लिए ‘मेरा ई-केवाईसी’ (MERA eKYC) मोबाइल एप जारी किया गया है, जिसे गूगल प्ले स्टोर से आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है।

इस एप के माध्यम से उपभोक्ता अपने और अपने परिवार के सदस्यों के आधार नंबर दर्ज कर फेस रीडिंग (चेहरा स्कैन) तकनीक के जरिए ई-केवाईसी की प्रक्रिया को घर बैठे ही मुकम्मल कर सकते हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित तिथि यानी 30 मई तक ई-केवाईसी नहीं कराई गई, तो संबंधित राशन कार्ड या यूनिटों को अस्थायी रूप से निष्क्रिय किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में लाभार्थियों को सरकारी राशन मिलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए सभी पात्र उपभोक्ता समय रहते इस प्रक्रिया को पूर्ण कर लें।

 

Loading

By आर सी /संदीप कुमार

ख़बर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें 8171837509

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights